लखनऊ, भोपाल और इंदौर पर Amazon की नजर! Amazon Now 300 से ज्यादा शहरों तक पहुंचने की तैयारी में
Amazon Now अब छोटे शहरों में तेजी से विस्तार करने की तैयारी में है। कंपनी More Retail स्टोर्स को ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी हब के रूप में इस्तेमाल करेगी। जानिए Amazon का 300 से ज्यादा शहरों तक पहुंचने का पूरा प्लान।
भारत में क्विक-कॉमर्स की लड़ाई अब सिर्फ दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने वाली है। Amazon अपनी क्विक-कॉमर्स सेवा Amazon Now को तेजी से छोटे शहरों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी की नजर भोपाल, इंदौर, लखनऊ और जयपुर जैसे बाजारों पर भी है। Amazon Now को 300 से ज्यादा शहरों तक ले जाने की योजना है। खास बात यह है कि कंपनी हर जगह नए डार्क स्टोर बनाने के बजाय अपने मौजूदा More Retail नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकती है।
More Retail स्टोर बनेंगे ऑनलाइन डिलीवरी हब
ET की रिपोर्ट के मुताबिक, Amazon Now के निदेशक निशांत सरदाना ने बताया कि छोटे शहरों में More Retail के मौजूदा स्टोर्स को लगभग फुलफिलमेंट सेंटर की तरह इस्तेमाल किया जाएगा। इस मॉडल में ग्राहक स्टोर पर जाकर सामान्य खरीदारी भी कर सकेंगे और वहीं से ऑनलाइन ऑर्डर को पैक कर डिलीवरी के लिए भेजा जाएगा।
यानी एक ही स्टोर ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों जरूरतों को पूरा करेगा। यह मॉडल फिलहाल 35 शहरों में चल रहा है। कंपनी के अनुसार Amazon Now के करीब 75 से 80 प्रतिशत फुलफिलमेंट पॉइंट्स पहले से मौजूद More Retail स्टोर्स हैं, जबकि बाकी माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर या डार्क स्टोर हैं।
छोटे शहरों में बढ़ रही क्विक-कॉमर्स की रेस
भारत के टियर-2 और छोटे शहर अब क्विक-कॉमर्स कंपनियों के लिए नया बाजार बनते जा रहे हैं। हालांकि यहां कारोबार बढ़ाना आसान नहीं है। बड़े शहरों की तुलना में ऑर्डर की संख्या कम हो सकती है और डिलीवरी लागत ज्यादा पड़ सकती है। इसके बावजूद Amazon Now के ऑर्डर में तेजी देखी जा रही है। कंपनी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में ऑर्डर हर महीने करीब 20 से 25 प्रतिशत बढ़ रहे हैं और तिमाही आधार पर ऑर्डर दोगुने हो रहे हैं। हालांकि Amazon ने कुल ऑर्डर या कारोबार की वास्तविक संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
300 से ज्यादा शहरों तक पहुंचने का लक्ष्य
Amazon India ने जून में Amazon Now को 300 से ज्यादा शहरों तक विस्तार देने की योजना की जानकारी दी थी। इसके लिए 1,000 से ज्यादा माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर और 100 से अधिक बड़े अर्बन फुलफिलमेंट सेंटर विकसित करने की योजना है। फिलहाल कंपनी के पास 600 से ज्यादा माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर हैं और करीब दो नए सेंटर प्रतिदिन जोड़े जा रहे हैं। बड़े अर्बन सेंटर मौजूदा Amazon Now केंद्रों की तुलना में करीब चार गुना ज्यादा उत्पाद रख सकेंगे।
अब Amazon की रणनीति साफ है, छोटे शहरों में तेजी से पहुंचने के लिए सिर्फ नए डार्क स्टोर बनाने पर निर्भर रहने के बजाय मौजूदा More Retail नेटवर्क को डिलीवरी इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलना। आने वाले महीनों में यह मॉडल भारत के क्विक-कॉमर्स बाजार की प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकता है।