Amrit Bharat Station: PM मोदी आज मध्य प्रदेश को देंगे बड़ी रेल सौगात, अमृत भारत योजना के तहत 13 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का करेंगे लोकार्पण - Haribhoomi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 13 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। विदिशा, सांची, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, बालाघाट सहित 13 स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

Amrit Bharat Station Scheme

अमृत भारत योजना के तहत 13 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण

  • Published: 17 Jul 2026, 11:01 AM IST
  • Last Updated: 17 Jul 2026, 11:01 AM IST

मध्य प्रदेश: रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार, 17 जुलाई का दिन खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत प्रदेश के 13 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन स्टेशनों को यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इनमें स्थानीय संस्कृति, विरासत और आधुनिक वास्तुकला का भी समावेश किया गया है।

अमृत भारत रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री मोदी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। मध्य प्रदेश में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 80 रेलवे स्टेशनों का लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। पहले चरण में तैयार हुए 13 स्टेशनों का उद्घाटन आज किया जाएगा।

बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था
जिन रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण होगा, उनमें विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी, ब्योहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकटिंग व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर, आकर्षक प्रवेश द्वार और उन्नत यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।

विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना उद्देश्य
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देना और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास में स्थानीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक पहचान को भी प्रमुखता दी गई है, ताकि प्रत्येक स्टेशन अपने क्षेत्र की विशेष पहचान को प्रदर्शित कर सके। भोपाल रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) सौरभ कटारिया के अनुसार, सभी संबंधित स्टेशनों पर दोपहर 2 बजे से स्थानीय स्तर पर उद्घाटन समारोह शुरू होंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 3:40 बजे दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और सभी 13 रेलवे स्टेशनों का औपचारिक लोकार्पण करेंगे।
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान देश को पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन की भी सौगात मिलने जा रही है। रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मध्य प्रदेश में आधुनिक रेलवे स्टेशनों के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।