Apple Pay India: Face ID दिखाओ और पेमेंट डन! जानिए किन कार्ड्स पर मिलेगी सर्विस
Apple Pay भारत में लॉन्च हो गया है। अब iPhone और Apple Watch यूजर्स बिना PIN या OTP सिर्फ Face ID से पेमेंट कर सकेंगे। जानें किन कार्ड्स पर ये सुविधा शुरू हो रही है।
Apple Pay India Launch: अगर आप आईफोन इस्तेमाल करते हैं, तो आपका पेमेंट करने का अंदाज आज 30 सितंबर से पूरी तरह बदलने वाला है। करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद टेक दिग्गज ऐपल ने आखिरकार भारत में अपनी पॉपुलर पेमेंट सर्विस ऐपल-पे (Apple Pay) लॉन्च कर दी है। अब शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट या ऑनलाइन ऐप्स पर खरीदारी करते वक्त आपको न तो पर्स से प्लास्टिक कार्ड निकालने की जरूरत होगी और न ही बार-बार ओटीपी (OTP) या पिन दर्ज करने का झंझट रहेगा। सिर्फ फोन के सामने चेहरा दिखाया, साइड बटन दबाया और पेमेंट पूरा हो जाएगा। आइए जानते हैं कि ये नया सिस्टम कैसे काम करेगा और शुरुआती दौर में किन यूजर्स को इसका फायदा मिलने जा रहा है...
Apple Pay शुरुआत में किन कार्ड्स पर काम करेगा?
- ये सुविधा अभी सिर्फ एक्सिस बैंक (Axis Bank) के ग्राहकों के लिए लाइव की गई है।
- अगर आपके पास एक्सिस बैंक का Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो आप इसे तुरंत अपने ऐपल वॉलेट (Apple Wallet) में जोड़ सकते हैं।
- कंपनी का कहना है कि आने वाले हफ्तों और महीनों में HDFC, ICICI, SBI जैसे अन्य बड़े बैंकों और डेबिट कार्ड्स को भी इस लिस्ट में शामिल किया जाएगा।
- आप इसे iPhone, iPad और Apple Watch पर तुरंत इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि Mac लैपटॉप्स के लिए सपोर्ट बहुत जल्द मिलने वाला है।
Apple Pay: कैसे काम करेगा पेमेंट?
- अपने आईफोन का साइड बटन या पुराना मॉडल है तो होम बटन दो बार दबाएं।
- स्क्रीन की तरफ देखें ताकि Face ID या फिंगरप्रिंट या फिर पासकोड से आपकी पहचान वेरिफाई हो सके।
- अपने फोन के ऊपरी हिस्से या ऐपल वॉच को पेमेंट मशीन (NFC Contactless Machine) के पास सटाएं।
- एक हल्की सी बीप की आवाज आएगी और स्क्रीन पर सही का निशान बनकर आ जाएगा और पेमेंट पूरा हो जाएगा।
- ऑनलाइन शॉपिंग और ऐप्स जैसे Zomato, Blinkit, Tata 1mg पर भी चेकआउट के समय ऐपल-पे का ऑप्शन चुनकर सिर्फ फेस स्कैन से बिल चुकाया जा सकता है।
Apple Pay: 2 मिनट में ऐसे सेट करें
- अपने आईफोन में पहले से मौजूद 'Wallet' ऐप खोलें।
- स्क्रीन पर ऊपर दिख रहे '+' (प्लस) वाले निशान पर टैप करें।
- क्रेडिट या डेबिट कार्ड का विकल्प चुनें और कैमरे से अपना एक्सिस बैंक कार्ड स्कैन करें या मैन्युअली नंबर भरें।
- बैंक की तरफ से आने वाले ओटीपी को डालकर कार्ड लिंक करें।
- आप चाहें तो एक्सिस बैंक के मोबाइल ऐप में जाकर भी 'Add to Apple Wallet' पर क्लिक करके इसे चालू कर सकते हैं।
कितना सिक्योर है ये सिस्टम?
- जब आप कार्ड लिंक करते हैं, तो आपका 16 अंकों का असली कार्ड नंबर न तो फोन में सेव होता है और न ही ऐपल के सर्वर पर।
- पेमेंट के दौरान मशीन या दुकानदार को सिर्फ एक एनक्रिप्टेड कोड (Device Account Number) भेजा जाता है, जिससे डेटा लीक का कोई खतरा नहीं रहता।
- अगर कभी आपका आईफोन गुम या चोरी हो जाता है, तो आप किसी भी दूसरे फोन या कंप्यूटर से 'Find My' ऐप खोलकर एक क्लिक में Apple Pay को तुरंत ब्लॉक या सस्पेंड कर सकते हैं।
कहां-कहां कर सकेंगे खरीदारी?
लॉन्च के साथ ही देश भर के लाखों मर्चेंट्स पर यह सर्विस शुरू हो चुकी है। क्रोमा (Croma), रिलायंस रिटेल, चायोस (Chaayos), जोमैटो (Zomato), ब्लिंकइट (Blinkit), टाटा 1एमजी (Tata 1mg) और आईक्सिगो (Ixigo) जैसी प्रमुख कंपनियों ने इसे तुरंत स्वीकार करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा पेटीएम, पाइन लैब्स, रेजरपे और कैशफ्री जैसे पेमेंट नेटवर्क से जुड़ी हर उस दुकान पर यह काम करेगा जहां वाई-फाई या कॉन्टैक्टलेस कार्ड मशीन मौजूद है।