Asian Games 2026: फौजी बनने के लिए शुरू की दौड़, अब एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा मेडल, गुलवीर सिंह का बड़ा कारनामा

Asian Games 2026: फौजी बनने के लिए शुरू की दौड़, अब एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा मेडल, गुलवीर सिंह का बड़ा कारनामा

गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स में जीता लगातार दूसरा मेडल. (फोटो- PTI)

Gulveer Singh, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्टार एथलीट गुलवीर सिंह ने अपनी सनसनीखेज फॉर्म जारी रखते हुए देश की झोली में एक और बड़ा मेडल डाल दिया. पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में गुलवीर ने 25 लैप्स के कड़े मुकाबले में लगातार टॉप दावेदारों के बीच अपनी स्थिति बनाए रखी और दूसरे स्थान पर फिनिश करते हुए शानदार सिल्वर मेडल अपने नाम किया. यह एशियन गेम्स की 10,000 मीटर रेस में गुलवीर का लगातार दूसरा मेडल है. इससे पहले उन्होंने हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इसी के साथ वो एशियन गेम्स के इस इवेंट में 2 मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं.

सेना भर्ती के लिए सड़कों पर दौड़ने वाला बना चैंपियन

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के सिरसा गांव में 1 जून 1998 को एक साधारण किसान परिवार में जन्मे गुलवीर की कहानी काफी खास है. देशभक्ति और फौजी परंपरा वाले गांव में पले-बढ़े गुलवीर ने कभी पेशेवर एथलीट बनने का सपना नहीं देखा था. उनका इकलौता गोल भारतीय सेना में भर्ती होना था, जिसके लिए वह गांव की धूल भरी पगडंडियों और सड़कों पर सुबह-शाम पसीना बहाते थे. उनकी यह तपस्या 2018 में रंग लाई, जब वह भारतीय सेना की 23 ग्रेनेडियर्स यूनिट में एक सिपाही के तौर पर भर्ती हो गए. सेना में शामिल होने के बाद उनका सोचना सिर्फ इतना था कि खेलों के जरिए हवलदार रैंक तक प्रमोशन मिल सके.

साल 2019 में जब गुलवीर अरुणाचल प्रदेश की दुर्गम सीमाओं पर तैनात थे, तब उन्होंने पहली बार सेना की इंटर-यूनिट क्रॉस-कंट्री रेस में हिस्सा लिया और उसे जीत लिया. इस दौड़ में उनके स्टेमिना को देखकर आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट (ASI), पुणे के लॉन्ग-डिस्टेंस रनिंग कोच यूनुस खान ने उनकी प्रतिभा को तुरंत पहचान लिया. कोच यूनुस उसी साल गुलवीर को पुणे ले आए, जहां उन्हें पहली बार कोचिंग मिली. इसके बाद 2021 में एक और बड़ी रेस जीतकर गुलवीर पूरी तरह से इंटरनेशनल ट्रैक रनिंग के लिए तैयार हो गए और पिछले 7 सालों की निरंतर मेहनत ने उन्हें एशिया का सबसे घातक लंबी दूरी का धावक बना दिया.

कॉमनवेल्थ से एशियन गेम्स तक पोडियम पर कब्जा

गुलवीर सिंह के लिए पिछला एक साल किसी सपने से कम नहीं रहा है. 2025 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने 5,000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर डबल गोल्ड अपने नाम किया था. फिर 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में 10,000 मीटर रेस को 27:49.78 के समय में पूरा कर वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में 10,000 मीटर में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बने. इसके बाद उन्होंने 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज भी झटका.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button