Asian Games 2026 Live: एशियाड में भारत को दूसरा पदक, इलावेनिल ने दिलाया दूसरा रजत; कितने अंतर से चूकीं?
11:40 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: इलावेनिल स्वर्ण से चूकीं, भारत को दूसरा पदक
भारत की स्टार शूटर इलावेनिल वलारिवन स्वर्ण पदक से चूक गईं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में इलावेनिल ने 252.4 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पर कब्जा किया। वह 0.6 पॉइंट से स्वर्ण चूक गईं। आखिरी तीन शॉट में वह जापान की शूटर हिनाता ताइची से पीछे आ गईं, वरना शुरू से वह शीर्ष पर चल रही थीं। हिनाता ने 253.0 के स्कोर के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। वहीं, दक्षिण कोरिया की हियोजिन बान ने 230.4 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। वहीं, इलावेनिल का भी यह इस एशियाड में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में सोनम मस्कर और विदर्सा के साथ रजत जीता था। सोनम महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में छठे स्थान पर रहीं।

11:31 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रहीं इलावेनिल वलारिवन
इलावेनिल वलारिवन महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। 17 शॉट के बाद उनके 190.3 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर मौजूद हिनाता ताइची से एक अंक से अधिक आगे हैं। फिलहाल इलावेनिल स्वर्ण पदक की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं। अगर वह स्वर्ण जीतती हैं तो यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक होगा। साथ ही, यह प्रतियोगिता में इलावेनिल का पहला स्वर्ण होगा। वह तीसरी बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही हैं।

विज्ञापन
10:09 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: अब तक क्या हुआ
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 20 सितंबर की सुबह अपने पदक अभियान की शुरुआत रजत पदक के साथ की। शूटिंग में महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर जीता। टेकबॉल में भी भारत ने पदक के लिए जोरदार चुनौती पेश की, लेकिन महिला एकल और मिश्रित युगल दोनों स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रहा। इसके अलावा सुचिका ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में एक और पदक पक्का कर लिया है। वह सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनकी नजर स्वर्ण जीतने पर होगी।
सुबह के मुकाबलों में भारत के सभी नतीजे
- वुशु – पुरुष चांगछुआन फाइनल: सूरज सिंह मयांगलंबम 11वें स्थान पर रहे।
- शूटिंग – महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन: सोनम उत्तम मस्कर और इलावेनिल वलारिवान ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
- शूटिंग – महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम फाइनल: भारत ने रजत पदक जीता।
- टेबल टेनिस, महिला टीम ग्रुप एफ: भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।
- टेकबॉल, महिला एकल कांस्य पदक मुकाबला: क्विम्सी डिसूजा को यूइना सकामोटो के खिलाफ सीधे सेटों में हार मिली।
- टेकबॉल, मिश्रित युगल कांस्य पदक मुकाबला: क्विम्सी डिसूजा और अनस की जोड़ी को वियतनाम की गुयेन/त्रिन्ह जोड़ी ने हराया।
- सुमिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा क्वार्टरफाइनल: सुचिका तरियाल ने बैगलमा को 2-0 से हराकर पदक पक्का किया।
- तैराकी, पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट-5: आकाश मणि और बेनेडिक्टन बेनिस्टन फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके।
- हॉकी, महिला पूल बी: भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया।
- तैराकी, पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट-3: ऋषभ दास ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
10:08 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: टेबल टेनिस से अपडेट
भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारत ने टीम स्पर्धा के पहले मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर जीत दर्ज की। पहले मैच में श्रीजा अकुला ने नी महारानी को 11-3, 8-11, 11-4, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिया चिताले ने अलमायरा नेबुचदनेजर को 11-9, 11-8, 11-5 से सीधे गेम में हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। तीसरे मैच में यशस्विनी घोरपड़े ने सिट्रा रस्मी को 12-10, 11-4, 11-4 से हराकर भारत को 3-0 की जीत दिलाई। भारत का अगला मुकाबला ग्रुप चरण में सिंगापुर से होगा।
10:08 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल का सपना टूटा
श्रीलंका ने एशियन गेम्स के हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल में पाकिस्तान को चौंका दिया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 177 रन बनाए, लेकिन श्रीलंका ने आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने 50 गेंदों में नाबाद 83 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। श्रीलंका ने 178 रन का लक्ष्य सिर्फ 17.5 ओवर में हासिल कर लिया। इसके साथ ही एशियन गेम्स क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान फाइनल की संभावना भी खत्म हो गई।
10:06 AM, 20-Sep-2026
Asian Games Live: सोनम उत्तम और इलावेनिल फाइनल में
दो भारतीय निशानेबाज सोनम उत्तम और इलावेनिल वलारिवन ने भी महिला व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। चीन ने महिला टीम स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल का विश्व रिकॉर्ड 1902 अंक था, जिसे चीन ने 2025 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में बनाया था। सोनम उत्तम ने व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 634.1 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, इलावेनिल वलारिवान ने 633.5 अंक जुटाए। दोनों की सीरीज का पूरा ब्योरा इस प्रकार है:

विज्ञापन
विज्ञापन
09:43 AM, 20-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: भारत ने जीता पहला पदक
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने अपने पदक अभियान की शुरुआत कर दी है। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इस पदक के साथ शूटिंग ने एशियन गेम्स में भारत का खाता खोल दिया। भारत ने 1898.0 अंक हासिल किए। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। वहीं, जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

09:19 AM, 20-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया
भारत ने महिला हॉकी में पूल मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हरा दिया। लालरेमसियामी ने छठे मिनट में, दीपिका ने आठवें, 22वें, 26वें, 33वे, 37वें, 38वें और 41वें और 54वें मिनट में, ईशिका ने 12वें, 42वें और 54वें मिनट में, बलजीत कौर ने 13वें मिनट में, नेहा ने 18वें और 29वें मिनट में, लालथानलुआंगी ने 43वें और 51वें मिनट में, साक्षी राणा ने 44वें मिनट में, नवनीत कौर ने 45वें मिनट में और रुतुजा पिसल ने 23वें मिनट में गोल दागे। दीपिका ने अकेले इस मैच में आठ गोल दागे जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है। किसी एक मैच में यह सबसे ज्यादा इंडिविजुअल गोल है।

08:50 AM, 20-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: सुचिका ने पहला पदक किया पक्का
भारत की सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मंगोलिया के अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हरा दिया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस तरह उन्होंने भारत के लिए पहला पदक पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल में पहुंचने पर कम से कम कांस्य पक्का हो गया है। हालांकि, उनके नजरें स्वर्ण जीतने पर होंगी। उनकी प्रोफाइल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

08:12 AM, 20-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: महिला हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान पर 8-0 की बढ़त बनाई
महिला हॉकी में पूल मैच में भारत ने दूसरे क्वार्टर में उज्बेकिस्तान पर 8-0 की बढ़त बना ली है। अब तक भारत की छह खिलाड़ियों ने आठ गोल दागे हैं। लालरेमसियामी ने छठे मिनट में, दीपिका ने आठवें, 22वें और 26वें मिनट में, ईशिका ने 12वें मिनट में, बलजीत कौर ने 13वें मिनट में, नेहा ने 18वें मिनट में और रुतुजा पिसल ने 23वें मिनट में गोल दागे। हाफटाइम तक भारत 8-0 से आगे रहा।
