Asian Games : भारतीय महिला स्कीट टीम ने जीता कांस्य, राइजा..

एशियन गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत ने शूटिंग में एक और मेडल अपने नाम किया। महिला स्कीट टीम इवेंट में राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीता। तीनों ने मिलकर 331 अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहीं। चीन ने 357 अंक के साथ गोल्ड, जबकि कजाकिस्तान ने 336 अंक के साथ सिल्वर जीता।

टीम ने रचा इतिहास

इस पदक की खास बात यह है कि एशियन गेम्स के महिला टीम स्कीट इवेंट में भारत का यह पहला पदक है। तीन दिन तक चले क्वालिफिकेशन मुकाबलों के बाद भारतीय टीम ने 331 का कुल स्कोर बनाया। राइजा और परिनाज ने 125 में से 111-111 अंक जुटाए, जबकि माहेश्वरी ने 109 अंक का योगदान दिया।

राइजा का शानदार सफर

चंडीगढ़ की राइजा ढिल्लों ने 16 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की थी। पिता रविजीत सिंह ढिल्लों के खेल के प्रति जुनून से प्रभावित होकर उन्होंने इसे गंभीरता से अपनाया। 2021 में पेरू के लीमा में ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व शुरू किया।

राइजा ने जूनियर स्तर पर कई पदक जीते हैं। 2023 में एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने मिक्स्ड टीम गोल्ड और महिला जूनियर स्कीट सिल्वर जीता था। 2024 में एशियन शॉटगन चैंपियनशिप में महिला स्कीट में सिल्वर भी उनके नाम रहा। घरेलू स्तर पर वह सीनियर और जूनियर वर्ग में 122/125 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना चुकी हैं।

माहेश्वरी की बड़ी पहचान

राजस्थान के सियाना की माहेश्वरी चौहान ने 15 साल की उम्र में शूटिंग शुरू की थी। उन्हें अपने दादाजी से इस खेल के प्रति प्रेरणा मिली। 17 साल की उम्र में उन्होंने ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

2017 में वह महिला स्कीट में एशियन चैंपियनशिप पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। 2024 में उन्होंने ISSF फाइनल ओलंपिक क्वालिफिकेशन चैंपियनशिप में सिल्वर जीता और पेरिस ओलंपिक में भारत की पहली महिला स्कीट टीम का हिस्सा बनीं।

परिनाज की मजबूत मौजूदगी

पटियाला की परिनाज धालीवाल ने 2015 में न्यू मोती बाग गन क्लब से शूटिंग शुरू की। शुरुआत में उन्होंने ट्रैप आजमाया, लेकिन बाद में स्कीट को चुना। 2021 में दिल्ली ISSF वर्ल्ड कप में उन्होंने महिला स्कीट टीम इवेंट में सिल्वर जीता।

इसके बाद 2022 ISSF जूनियर वर्ल्ड कप में महिला स्कीट टीम के साथ ब्रॉन्ज और 2023 एशियन चैंपियनशिप में मिक्स्ड टीम गोल्ड सहित कई पदक जीते।

व्यक्तिगत पदक चूका

टीम इवेंट में कांस्य जीतने के बाद राइजा और परिनाज के पास व्यक्तिगत स्कीट में भी पदक जीतने का मौका था। दोनों फाइनल में पहुंचीं, लेकिन राइजा 23 हिट के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि परिनाज आठवें स्थान पर रहीं। माहेश्वरी 109 हिट के साथ व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

Kirtika Tyagi

Kirtika Tyagi is a journalist. she is working on sub-editor post and she is expert in International, National, Health, Crime, Lifestyle, Astro beat.