Asian Games Cricket: टीम इंडिया का किससे होगा सामना? सामने आई क्वार्टर फाइनल की लाइन-अप

भारतीय टीम का पहला ही मैच क्वार्टर फाइनल में होगाImage Credit source: PTI
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने एक गोल्ड मेडल जीत लिया है. भारतीय महिला टीम ने अपने पिछले गोल्ड मेडल को डिफेंज करते हुए फिर से गोल्ड अपने नाम किया. अब इंतजार भारतीय पुरुष टीम का है, जिसका अभियान अभी शुरू नहीं हुआ है. टीम इंडिया को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. यानि भारत का सफर सीधे नॉक आउट राउंड से शुरू होगा. अब इस क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना किससे होगा? इसका खुलासा भी हो गया है. सेमीफाइनल में जगह के लिए टीम इंडिया की टक्कर अफगानिस्तान से होगी.
सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री
जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में 24 सितंबर से मेंस टी20 क्रिकेट के मुकाबले शुरू हुए. हालांकि, भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह दी गई थी. मगर 6 अन्य टीमों को ग्रुप स्टेज से गुजरना पड़ा, जिन्हें 3-3 के दो ग्रुप में बांटा गया था. इसमें ग्रुप अफगानिस्तान, नेपाल और जापान को ग्रुप ए में रखा गया था और इसी ग्रुप की टीम से भारत का क्वार्टर फाइनल में सामना होना है.
अब इसका फैसला भी हो गया है कि टीम इंडिया किससे टकराएगी. असल में शनिवार को ग्रुप ए में जापान और नेपाल के बीच का आखिरी मैच बारिश के कारण रद्द हो गया. इसके चलते दोनों को 1-1 पॉइंट मिला. मगर जहां जापान का ये पहला ही पॉइंट था तो वहीं नेपाल के कुल 3 पॉइंट हो गए. इस तरह उसने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया, जबकि 2 पॉइंट्स के साथ अफगानिस्तान दूसरे स्थान पर रहा.
चौथी बार भारत vs अफगानिस्तान
अब भारत का सामना ग्रुप A में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीम से ही होना है और यही कारण है कि टीम इंडिया सीधे अफगानिस्तान से टकराएगी. वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका का सामना नेपाल से होगा. दूसरी ओर बांग्लादेश और पाकिस्तान की टक्कर किन टीमों से होगी, इसका खुलासा ओमान और मलेशिया के मुकाबले से होगा. इस ग्रुप से इन दोनों के अलावा हॉन्ग कॉन्ग भी क्वार्टर फाइनल की दावेदार है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच इस महीने में ये चौथा टी20 मैच होगा. इससे पहले दोनों टीम के बीच 3 टी20 मैच की सीरीज दिल्ली में खेली गई थी, जिसे भारत ने 3-0 से जीत लिया था. ऐसे में इस क्वार्टर फाइनल में भी भारत ही जीत का दावेदार होगा क्योंकि जहां टीम इंडिया अपनी पूरी क्षमता के साथ उतरी है तो वहीं अफगानिस्तान ने अपने दूसरे दर्जे की टीम भेजी है.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More