Atiq Ahmed के बेटे अबान की मौत वाली क्रेटा कार से क्या-क्या बरामद? पहले से पुलिस के रेडार पर क्यों थी गाड़ी?
Published: Friday, August 7, 2026, 15:06 [IST]
Atiq Ahmed Son Aban Death: उत्तर प्रदेश के झांसी में पूर्व सांसद और बाहुबली अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो युवकों की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। 6 अगस्त को हुई इस दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में शामिल ह्युंदई क्रेटा कार डिवाइडर से टकराई थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो अंदर से कई सामान बरामद हुए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह क्रेटा कार पहले से ही पुलिस के रेडार पर थी। आइए विस्तार से जानते हैं कि क्या-क्या कार से बरामद हुआ? किसके नाम पर थी कार? क्यों पुलिस के रेडार पर...
Aban Ahmed Car Accident Reason: हादसा कैसे हुआ?
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद प्रयागराज से अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। रास्ते में झांसी में क्रेटा कार काफी तेज रफ्तार में थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक जानवर को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। झांसी के एसएसपी ने बताया कि मौत तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुई है।
स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार का बारीकी से निरीक्षण किया। वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए गए और अंदर से मिले सामान को जब्त कर लिया गया। पुलिस इन सबको जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
कार से क्या-क्या बरामद हुआ?
फॉरेंसिक और पुलिस टीम की तलाशी में कार के अंदर से कई सामान मिले...
- सिग्नेचर गुटखा की पुड़ियां
- क्लासिक सिगरेट की डिब्बी
- दो अंग्रेजी नॉवेल एक का नाम 'स्टेशनरी शॉप ऑफ तेहरान' (Stationery Shop of Tehran) और दूसरी 'द इडियट' (The Idiot)
- एक जोड़ी जूते और चार जोड़ी चप्पलें
- चार मोबाइल फोन
- इत्र की शीशी
- अन्य छोटा-मोटा सामान
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डैशबोर्ड से मिली ये दो अंग्रेजी लव स्टोरी नॉवेल झांसी जेल में बंद अबान के बड़े भाई अली के लिए खरीदी गई थीं। चारों मोबाइल फोन की भी जांच की जा सकती है। पुलिस ने सभी बरामद सामान को सबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है। इन वस्तुओं से हादसे के समय कार में सवार लोगों की गतिविधियां और मंशा का अंदाजा लगाने में मदद मिल सकती है।
क्रेटा कार पहले से पुलिस के निशाने पर
हादसे में शामिल क्रेटा कार मोहम्मद जैद के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गाड़ी पर पहले से कई चालान दर्ज हैं। अलग-अलग जगहों पर ओवरस्पीडिंग के कई चालान कटे हैं। इसके अलावा पार्किंग नियमों का उल्लंघन और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने के भी चालान हैं। आधा दर्जन से अधिक चालान इस वाहन के नाम पर दर्ज बताए जा रहे हैं। इससे साफ है कि कार और उसके इस्तेमाल करने वाले लोग पहले से ही यातायात नियमों का उल्लंघन करते रहे हैं और पुलिस के रेडार पर थे।
अंतिम रुखसती की तैयारी
अबन अहमद को प्रयागराज में जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इसी कब्रिस्तान में पहले से उनके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्रें मौजूद हैं। अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है। वहीं, उनके साथी सोनू को हटवा गांव के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। कसारी-मसारी और हटवा गांव के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।