किशनगंज में किराना कारोबारी की संदिग्ध मौत: घर से ATM जाने निकले थे; बैंक से पैसे निकासी नहीं हुई, SIT और FSL जांच में जुटी - Kishanganj (Bihar) News
किशनगंज के सुखानी थाना क्षेत्र में बुधवार को किराना कारोबारी मो. तोहीद आलम (35) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह पौआखाली स्थित सीमांचल सुपर मार्ट और बहादुरगंज के लोहागाड़ा में तोहिद इंटरप्राइजेज नाम की दुकान चलाते थे। मामले की जांच के लिए पुलिस ने
.
पुलिस के अनुसार, मो. तोहीद आलम सुबह करीब 7:30 बजे घर से एटीएम से पैसे निकालने की बात कहकर कादोगांव गए थे। करीब 10 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि कादोगांव हाल्ट के पास उनकी तबीयत खराब हो गई है। परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहले परिजनों ने आपराधिक घटना की बात बताई
जानकारी मिलते ही सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी, ठाकुरगंज एसडीपीओ मनोज कुमार और जिला खुफिया इकाई (DIU) की टीम सदर अस्पताल पहुंची। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर गई और जांच शुरू की।
शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया था कि मृतक के साथ आपराधिक घटना हुई थी। उनका कहना था कि तोहीद को नशीला पदार्थ खिलाकर पैसे लूटे गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- अचानक बिगड़ी थी तबीयत
हालांकि, बाद में परिजनों ने तबीयत खराब होने की बात कही। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तोहीद की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। उन्होंने खुद परिजनों को इलाज के लिए बुलाने को कहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तोहीद ने उनके सामने किसी आपराधिक घटना की बात नहीं बताई थी।

मौके से ATM कार्ड, स्कूटर और दोनों मोबाइल मिले
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मृतक का एटीएम कार्ड, स्कूटर और दोनों मोबाइल फोन मिले। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मृतक के परिजनों से गहराई से पूछताछ की गई। बैंक खाते और एटीएम से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई।
जांच में पता चला कि मृतक घर से बैंक जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बुधवार को उनके बैंक खाते से एटीएम या बैंक के माध्यम से कोई पैसा नहीं निकाला गया।
इंजेक्शन दिए जाने की बात जांच में स्पष्ट नहीं
एसपी ने बताया कि मृतक को इंजेक्शन दिए जाने जैसी बात फिलहाल जांच में स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
SIT और FSL टीम जुटी जांच में
मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए एसपी संतोष कुमार ने एसआईटी का गठन किया है। टीम तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, बैंकिंग गतिविधियों, घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी समेत अन्य बिंदुओं का विश्लेषण कर रही है।