Ayesha Khan Video: प्रोटेस्ट पर निकलीं 'धुरंधर' एक्ट्रेस हिरासत में कैद, पुलिस स्टेशन से बोलीं- 'मैं शांति से खड़ी थी, जबरदस्ती वैन में बैठाया' - Haribhoomi
धुरंधर अभिनेत्री आयशा खान ने मुंबई में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस हिरासत में लिए जाने का दावा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो शेयर कर पूरी घटना का अपना पक्ष रखा, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आयशा खान को मुंबई में पुलिस ने हिरासत में लिया
- Published: 22 Jul 2026, 07:10 PM IST
- Last Updated: 22 Jul 2026, 07:10 PM IST
Ayesha Khan Video: 'धुरंधर' फेम एक्ट्रेस अभिनेत्री आयशा खान ने दावा किया है कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि मुंबई में नीट छात्रों के समर्थन में एक प्रदर्शन के दौरान आयशा वहां पहुंची थीं जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और 2 घंटे तक पुलिस स्टेशन में पकड़ा रखा।
अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो साझा करते हुए पूरी घटना बताई। उनके ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
'मैं सिर्फ सड़क पर खड़ी थी'
आयशा खान ने एक वीडियो में कहा कि वह काफी घबराई हुई हैं और उनके हाथ कांप रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वह शांतिपूर्वक सड़क पर खड़ी थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पुलिस की वैन में बैठा लिया गया।

अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने प्रदर्शन शुरू नहीं किया था। उनका कहना है कि उनके भाई और कुछ पुरुष दोस्तों को पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, इसलिए वह केवल सड़क पर खड़ी होकर उन्हें ढूंढने और आगे क्या करना है, यह समझने की कोशिश कर रही थीं।
'चार महिला पुलिसकर्मियों ने वैन में बैठाया'
एक अन्य वीडियो में आयशा ने दावा किया कि चार महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन पुलिस वैन में बैठाया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि उन्होंने न तो कोई शोर मचाया, न किसी तरह का विवाद किया और न ही वह पांच या उससे अधिक लोगों के समूह का हिस्सा थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया।
पुलिस स्टेशन से बनाया वीडियो
बाद में साझा किए गए एक वीडियो में आयशा ने बताया कि उन्हें और अन्य लोगों को वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उन्होंने कहा कि वह अपने भाई और कुछ दोस्तों के साथ दादर में छात्रों के समर्थन में पहुंची थीं। वहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति न होने की बात कही और उनके भाई समेत अन्य लोगों को पुलिस वैन में बैठा लिया।
आयशा का दावा है कि जब वह वहीं खड़ी होकर अपने भाई के बारे में जानकारी लेने की कोशिश कर रही थीं, तभी कई पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्हें भी वैन में बैठा दिया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
आयशा खान के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोग अभिनेत्री के दावों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं।