Badaun Police Custody Death: कटघरे में खाकी! बदायूं में पुलिस कस्टडी में राजेश की मौत, हवालात का वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला
Badaun Police Custody Death: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बदायूं में पुलिस कस्टडी (Badaun Police Custody Death) में एक युवक की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दातागंज कोतवाली की हवालात के अंदर का एक वीडियो (Viral Video) सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी राजेश को पानी पिलाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में राजेश की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही है।
वीडियो में वह ठीक से पानी पीने की स्थिति में भी नहीं दिख रहा। पुलिसकर्मी के हाथ छोड़ते ही वह जमीन पर गिर जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विवाद के बाद राजेश को थाने लाई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर निवासी राजेश का रात में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ दातागंज कोतवाली ले आई। पुलिस का कहना है कि थाने में रहने के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिवार का आरोप है कि राजेश को पुलिस घर से ठीक हालत में लेकर आई थी। परिजनों ने पुलिस पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
भाई का आरोप- रातभर पीटा गया
राजेश के भाई वीरेश का आरोप है कि पुलिस राजेश को थाने लेकर गई थी, जहां उसके साथ मारपीट की गई। परिवार के अनुसार, राजेश के शरीर पर पट्टी भी बांधी गई थी और उसे थाने में बैठाकर रखा गया था। सुबह उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी परिवार को मिली और बाद में उसकी मौत हो गई। परिजनों की ओर से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
करीब ढाई घंटे तक मामला दबाए रखने का आरोप
मामले में एक और गंभीर आरोप यह है कि राजेश की हालत बिगड़ने के बाद करीब ढाई घंटे तक पुलिस ने घटना की जानकारी दबाए रखी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की ओर से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अपना पक्ष रखा जा रहा है।
विपक्षियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
बताया जा रहा है कि पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर विपक्षी पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर परिवार के मुताबिक राजेश की हत्या की गई थी, तो उसकी मौत पुलिस कस्टडी में कैसे हुई और उस दौरान वास्तव में क्या हुआ?
ये भी पढ़ें : Gold Silver Rate Today 29 August: रक्षाबंधन के बाद अचानक महंगा हुआ सोना, चांदी हुई 5 हजार से ज्यादा सस्ती, जानें आज का ताजा भाव
हवालात के वीडियो ने बढ़ाए सवाल
अब हवालात के अंदर का सामने आया वीडियो पूरे मामले में अहम माना जा रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी राजेश को पानी पिलाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। राजेश बेहद कमजोर हालत में नजर आता है और पुलिसकर्मी का हाथ छूटते ही जमीन पर गिर जाता है।
वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि राजेश की तबीयत पहले से बिगड़ी थी। अब जांच एजेंसियों के सामने यह पता लगाना अहम होगा कि उसकी तबीयत कब और क्यों बिगड़ी, थाने में उसके साथ क्या हुआ और अस्पताल ले जाने में कितना समय लगा।
ये भी पढ़ें : Ankit Baliyan Murder Case: अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 4 शूटरों की पहचान, एक पहले भी जा चुका है जेल