Bank Holiday: अगस्त में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले जरूर देख लें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
Bank Holiday: अगर अगस्त 2026 में आपको बैंक ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम निपटाना है, तो पहले बैंकों कि छुट्टियों का कैलेंडर जरूर देख लें। इस महीने रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार के अलावा स्वतंत्रता दिवस और कई राज्यों के लोकल त्योहारों के कारण अलग-अलग तारीखों पर कुल 14 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में पहले से योजना बनाकर आप बेवजह बैंक के चक्कर लगाने से बच सकते हैं।
अगस्त 2026 में बैंकों की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी नहीं होंगी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार कुछ छुट्टियां लोकल और नेशनल लेवल की हैं। हालांकि, इन दिनों भी इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सर्विस सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी।
अगस्त में छुट्टियों की पूरी लिस्ट
4 अगस्त को त्रिपुरा में केर पूजा के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
8 अगस्त को सिक्किम में टेंडोंग ल्हो रम फात त्योहार के कारण बैंक ब्रांच में कामकाज नहीं होगा।
13 अगस्त को मणिपुर में पैट्रियट्स डे के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस होने के कारण देशभर में सभी बैंक ब्रांच बंद रहेंगी। चूंकि इस दिन शनिवार भी है, इसलिए बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लेना बेहतर रहेगा।
19 अगस्त को त्रिपुरा में महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर की जयंती के अवसर पर बैंकों में छुट्टी रहेगी।
25 अगस्त को केरल और आंध्र प्रदेश में मिलाद-उन-नबी, फर्स्ट ओणम और मिलाद-ए-शरीफ के कारण बैंक बंद रहेंगे।
26 अगस्त को कई राज्यों में ईद-ए-मिलाद (बारावफात) और थिरुवोणम के अवसर पर बैंकों में छुट्टी रहेगी। इस दिन महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और केरल सहित कई राज्यों में बैंक ब्रांच बंद रहेंगी।
28 अगस्त को रक्षाबंधन, पांग-ल्हाबसोल, श्री नारायण गुरु जयंती और अय्यंकाली जयंती जैसे त्योहारों के कारण गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल समेत कई राज्यों में बैंकों में छुट्टी रहेगी।
बैंक ब्रांच बंद रहने के बावजूद ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम सर्विस चालू रहेंगी। इसलिए अगर आपको चेक जमा करना, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना, पासबुक अपडेट कराना या बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई दूसरा जरूरी काम करना है, तो छुट्टियों की तारीखें पहले से देखकर ही अपनी योजना बनाएं। इससे आपका समय भी बचेगा और किसी जरूरी काम में देरी भी नहीं होगी।