Bankipur Bypoll 2026: प्रशांत किशोर को मिला तेज प्रताप यादव का साथ, आरजेडी से भी की समर्थन की अपील - Haribhoomi
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी ने प्रशांत किशोर को समर्थन देने का ऐलान किया है। साथ ही आरजेडी उम्मीदवार से भी समर्थन की अपील की है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी ने प्रशांत किशोर को समर्थन देने का ऐलान किया है।
- Published: 25 Jul 2026, 03:48 PM IST
- Last Updated: 25 Jul 2026, 03:48 PM IST
Bankipur Bypoll 2026: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को समर्थन देने की घोषणा की है। तेज प्रताप ने कहा कि वे चाहते हैं कि बांकीपुर में सही लोग चुनकर आएं और जनता के साथ न्याय हो।
आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता से भी समर्थन की अपील
अपनी बातचीत में तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में आरजेडी की तरफ से रेखा गुप्ता भी उम्मीदवार के तौर पर खड़ी हैं। तेज प्रताप ने इच्छा जताई कि आरजेडी कैंडिडेट रेखा गुप्ता भी आगे आएं और प्रशांत किशोर को अपना समर्थन दें।
#WATCH | Patna, Bihar: On Bankipur by-election, JJD Chief Tej Pratap Yadav says, "... It started raining the moment we announced our support to Prashant Kishor... In Bankipur, the right candidate should win. The RJD also has a candidate there, Rekha Gupta; we want her to support… pic.twitter.com/S9KEmNQ8SD
— ANI (@ANI) July 24, 2026
बीजेपी से झटके मिलने के बाद मिला नैतिक सहारा
बांकीपुर सीट पर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लगातार झटके मिल रहे थे। पिछले कुछ दिनों के दौरान जन सुराज पार्टी के कई नेता पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं, जिनमें केसी सिन्हा और चेतना झांब सहित दर्जनों नेता शामिल हैं।
ऐसे समय में तेज प्रताप यादव द्वारा दिए गए समर्थन से प्रशांत किशोर को बड़ा नैतिक सहारा मिला है। हालांकि, इस पर अभी तक जन सुराज पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वीणा मानवी का नामांकन रद्द होने के बाद आया फैसला
तेज प्रताप यादव की पार्टी जेजेडी ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी उर्फ वीना मांडवी को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था। वीणा ने 13 जुलाई को अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन चुनाव आयोग की स्क्रूटनी के दौरान उनका पर्चा खारिज हो गया। इसके चलते जेजेडी मुकाबले से बाहर हो गई।
इसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि तेज प्रताप किस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। तीन दिन पहले उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श करने की बात कही थी, जिसके बाद अब प्रशांत किशोर को समर्थन देने का ऐलान किया गया है।
बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग होगी और 3 अगस्त को नतीजे आएंगे। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार पांच बार इस सीट से विधायक रहे हैं, और उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिस पर यह उपचुनाव हो रहा है।
बीजेपी ने इस बार युवा चेहरे नीरज कुमार सिन्हा को मैदान में उतारा है, जबकि महागठबंधन की ओर से आरजेडी की रेखा गुप्ता चुनावी मैदान में हैं। वहीं, जन सुराज पार्टी की तरफ से खुद संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।