अजीत अगरकर नहीं बढ़ाएंगे चीफ सिलेक्टर का कार्यकाल, वीडियो में देंखे BCCI को दी जानकारी, 4 अक्टूबर को खत्म होगा कार्यकाल

अजीत अगरकर नहीं बढ़ाएंगे चीफ सिलेक्टर का कार्यकाल, वीडियो में देंखे BCCI को दी जानकारी, 4 अक्टूबर को खत्म होगा कार्यकाल

भारतीय क्रिकेट टीम की चयन समिति में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौजूदा चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को संकेत दिया है कि वह अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद इस पद पर आगे जारी नहीं रहना चाहते। रिपोर्टों के मुताबिक, अगरकर ने बोर्ड को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है। उनका मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर 2026 को समाप्त होना है।

अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने थे। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़े टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया और चयन प्रक्रिया को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अब उनके कार्यकाल के समाप्त होने से पहले BCCI नए चीफ सिलेक्टर की तलाश की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।

फरवरी में ही बोर्ड को कर दिया था संकेत

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगरकर ने बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों के साथ फरवरी में हुई बातचीत के दौरान भी अपने कार्यकाल के अंत में विकल्प तलाशने की बात कही थी। बाद में उन्होंने बोर्ड को औपचारिक रूप से यह जानकारी दी कि वह मौजूदा कार्यकाल के बाद पद पर बने नहीं रहना चाहते।शुक्रवार को BCCI की 95वीं वार्षिक आम बैठक में भी चयन समिति को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद बोर्ड के अधिकारियों को अगरकर के भविष्य पर फैसला लेने का अधिकार दिया गया। BCCI की ओर से अभी तक उनके उत्तराधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रोहित शर्मा से जुड़ा मामला भी चर्चा में

अगरकर के कार्यकाल के अंतिम दौर में रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चयन समिति और BCCI के बीच मतभेद की रिपोर्टें सामने आई थीं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि रोहित को टीम की भविष्य की योजनाओं में शामिल नहीं किए जाने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, BCCI की ओर से इस पूरे मामले को लेकर अलग-अलग स्तर पर स्पष्टीकरण भी सामने आए हैं।हिंदुस्तान टाइम्स ने रिपोर्ट किया कि रोहित के वनडे भविष्य को लेकर BCCI और अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति के बीच मतभेदों ने उनके पद छोड़ने के फैसले को प्रभावित किया हो सता है। हालांकि, इसे अगरकर के फैसले का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।

BCCI को चुनना होगा नया चीफ सिलेक्टर

अगरकर के कार्यकाल के बाद BCCI को सीनियर पुरुष चयन समिति के लिए नया अध्यक्ष नियुक्त करना होगा। इसके लिए बोर्ड को चयन प्रक्रिया शुरू करनी होगी। मीडिया रिपोर्टों में कई पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के नाम संभावित उम्मीदवारों के तौर पर चर्चा में हैं, जिनमें पार्थिव पटेल समेत कुछ अन्य पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं। हालांकि, BCCI ने अभी किसी नाम को आधिकारिक तौर पर तय नहीं किया है।BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी कहा है कि अगरकर के भविष्य पर उचित समय पर फैसला लिया जाएगा। इसलिए नए चीफ सिलेक्टर की नियुक्ति को लेकर अंतिम तस्वीर आने वाले दिनों में साफ होने की उम्मीद है।

Share this story