BCCI ने तेज की स्टेट T20 लीग की जांच, बुकी से सांठगांठ को लेकर खिलाड़ियों, टीम मालिकों पर गिर सकती है गाज

BCCI ने तेज की स्टेट T20 लीग की जांच, बुकी से सांठगांठ को लेकर खिलाड़ियों, टीम मालिकों पर गिर सकती है गाज

एक्शन में BCCI (Photo: X)

BCCI की एंटी करप्शन यूनिट राज्य क्रिकेट संघों की T20 लीग की जांच कर रही है. इस जांच का मकसद खिलाड़ियों और कुछ टीम मालिकों और आयोजकों की संदिग्ध भ्रष्टाचार संबंधी गतिविधियों पर नजर रखना है. रिपोर्ट के मुताबिक BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) को बुकी और कुछ संदिग्ध लोगों के खिलाड़ियों और टीम मालिकों से संपर्क साधने की खबर का पता चला है. सूत्रों के हवाले से इंडियन एक्सप्रेस ने इसका जिक्र अपनी रिपोर्ट में किया है.

राज्य T20 लीग को लेकर पहली बार इतना सचेत BCCI

BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट के राज्य T20 लीग के सभी मैचों की निगरानी का ये पहला मामला है. इससे पहले केवल टेस्ट, IPL और दूसरे प्रमुख मैचों की ही निगरानी ACSU करता था. इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में लिखा कि एंटी करप्शन यूनिट के अधिकारी इस बात पर भी नजर रख रहे हैं कि T20 मैचों के दौरान खिलाड़ी और टीम से जुड़े लोग अपने होटलों में किन लोगों से मिल रहे हैं.

क्यों हरकत में आई BCCI?

पिछले साल तमिलनाडु प्रीमियर लीग की कुछ टीमें भ्रष्टाचार से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के चलते एंटी करप्शन यूनिट की निगरानी में आ गई थीं. रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा कार्रवाई भी उसी के मद्देनजर है. रिपोर्ट में कहा गया कि एंटी-करप्शन यूनिट को लगता है कि बुकी, खिलाड़ी और मालिक की संदिग्ध सांठगांठ सिर्फ़ TNPL तक ही सीमित नहीं है. बल्कि दूसरे घरेलू T20 टूर्नामेंट में भी वैसा होता दिख सकता है.

घरेलू सीजन शुरू होने से पहले जून-अगस्त के दौरान मुंबई, सौराष्ट्र, बंगाल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, असम और झारखंड की अपनी-अपनी T20 लीग होती हैं. इन सभी जगहों पर बुकी, खिलाड़ी और मालिक के बीच संदिग्ध हलचल दिख सकती है, रिपोर्ट में कहा गया कि नियमों को तोड़ने के चलते कई लोग ACSU की नजर में हैं. उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button