Bengaluru H1N1 Outbreak: बेंगलुरु के हाई स्कूल में 500 से ज्यादा छात्र बीमार, 21 कर्मचारी संक्रमित?
Updated: Monday, August 17, 2026, 18:51 [IST]
Bengaluru H1N1 Outbreak: सावन के महीने में फ्लू ने दस्तक दे दी है। बेंगलुरु के रिचर्ड्स टाउन स्थित क्लेरेंस हाई स्कूल में फ्लू जैसे संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, स्कूल के 500 से अधिक छात्र और 21 कर्मचारी बुखार, खांसी, जुकाम और बदन दर्द जैसे लक्षणों से प्रभावित हुए हैं।
बताया जा रहा है कि इनमें कम से कम दो छात्रों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि एक कर्मचारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। संक्रमण को देखते हुए स्कूल ने परिसर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। स्कूल प्रशासन ने आसपास की साफ-सफाई और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं से जुड़े सैनिटेशन मुद्दों पर भी चिंता जताई है और स्थानीय प्रशासन से स्वास्थ्य एवं सुरक्षा निरीक्षण की मांग की है।
रिपोर्टों के अनुसार, स्कूल में सोमवार और मंगलवार को कक्षाएं नहीं चलेंगी। हालांकि, यहां एक बात समझना जरूरी है कि 500 से ज्यादा छात्रों में फ्लू जैसे लक्षण होने का मतलब यह नहीं है कि सभी H1N1 से संक्रमित हैं। अभी दो मामलों की H1N1 संक्रमण के तौर पर पुष्टि हुई है। बुखार, खांसी, जुकाम और शरीर में दर्द कई दूसरे वायरल संक्रमणों में भी हो सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि H1N1 क्या है?
What Is H1N1?
आपको बता दें कि, H1N1, इन्फ्लूएंजा A वायरस का एक प्रकार है। इसके लक्षण सामान्य मौसमी फ्लू से काफी मिलते-जुलते हो सकते हैं। इनमें बुखार या ठंड लगना, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, थकान और मांसपेशियों या शरीर में दर्द शामिल हैं। बच्चों में कभी-कभी उल्टी और दस्त भी हो सकते हैं। खास बात यह है कि फ्लू से संक्रमित हर व्यक्ति को बुखार हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए केवल बुखार देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि बच्चे को H1N1 है। संक्रमण की पुष्टि के लिए डॉक्टर की सलाह और जरूरत पड़ने पर जांच जरूरी हो सकती है।
स्कूलों में फ्लू तेजी से क्यों फैलता है?
इन्फ्लूएंजा बेहद संक्रामक वायरस है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने से निकलने वाले श्वसन कणों के जरिए यह दूसरे लोगों तक पहुंच सकता है। संक्रमित व्यक्ति लक्षण सामने आने से पहले भी वायरस फैला सकता है। छोटे बच्चों में संक्रमण फैलाने की अवधि कुछ मामलों में ज्यादा लंबी हो सकती है। स्कूलों में बच्चे कई घंटे एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं। कक्षाओं, स्कूल बसों, खेल के मैदानों और अन्य साझा जगहों पर लगातार संपर्क होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।
What Is H1N1 Symptoms: बच्चों में H1N1 या फ्लू के कौन से लक्षण दिख सकते हैं?
माता-पिता को बच्चों में अचानक शुरू होने वाले या लगातार बढ़ रहे इन लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए:
- बुखार या ठंड लगना
- खांसी
- गले में खराश
- नाक बहना या बंद होना
- सिरदर्द
- बदन या मांसपेशियों में दर्द
- थकान और कमजोरी
- कुछ बच्चों में उल्टी या दस्त
लेकिन इन लक्षणों का मतलब सीधे H1N1 संक्रमण नहीं है। कई अन्य वायरल बीमारियों में भी ऐसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
क्या हर बच्चे का H1N1 टेस्ट जरूरी है?
ऐसा जरूरी नहीं है। खांसी, बुखार या बदन दर्द वाले हर बच्चे को H1N1 की विशेष जांच की जरूरत नहीं होती। डॉक्टर बच्चे के लक्षणों, संक्रमण के संपर्क, उम्र, स्वास्थ्य संबंधी जोखिम और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए तय कर सकते हैं कि टेस्ट आवश्यक है या नहीं। इसलिए माता-पिता को खुद से H1N1 का निष्कर्ष निकालने के बजाय बाल रोग विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए।