Best Family Cars: 15 लाख से कम में आरामदायक रियर सीट वाली 5 कारें, जानें बेस्ट ऑप्शन - Haribhoomi
Best Family Cars: नई कार खरीदते समय ज्यादातर लोग माइलेज, फीचर्स और कीमत पर ध्यान देते हैं। लेकिन पिछली सीट पर आराम के लिहाज से कुछ कारें बेहतर विकल्प साबित होती हैं।
15 लाख से कम में आरामदायक रियर सीट वाली 5 कारें
- Published: 21 Jul 2026, 07:31 PM IST
- Last Updated: 21 Jul 2026, 07:31 PM IST
Best Family Cars: अगर आप नई कार खरीदते समय पिछली सीट के आराम को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, तो बाजार में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो परिवार और लंबी दूरी की यात्राओं के लिए बेहतरीन साबित हो सकते हैं। भले ही आज SUV की मांग तेजी से बढ़ रही हो, लेकिन रियर सीट स्पेस और कम्फर्ट के मामले में सेडान और एमपीवी अभी भी कई एसयूवी पर भारी पड़ती हैं। आइए जानते हैं 15 लाख रुपये से कम कीमत में आने वाली उन 5 कारों के बारे में, जिनकी पिछली सीटें सबसे ज्यादा आरामदायक मानी जाती हैं।
Honda City
मिड-साइज सेडान सेगमेंट में Honda City लंबे समय से अपनी शानदार रियर सीट कम्फर्ट के लिए जानी जाती है। 2026 अपडेट के बाद कंपनी ने पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम को और बेहतर बनाया है। इसमें भरपूर लेगरूम, आरामदायक सीट कुशनिंग और बेहतरीन सीट एंगल मिलता है, जिससे लंबी यात्रा भी थकाऊ नहीं लगती। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12 लाख रुपये है।
MG Windsor EV
अगर आपकी पहली प्राथमिकता रियर सीट कम्फर्ट है, तो MG Windsor EV एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती है। इसकी MPV जैसी ऊंची बॉडी और फ्लैट फ्लोर के कारण केबिन काफी खुला महसूस होता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 135 डिग्री तक झुकने वाली रियर सीटें हैं, जो यात्रियों को शानदार आराम देती हैं। इसकी शुरुआती कीमत 14.09 लाख रुपये है, जबकि BaaS (Battery as a Service) विकल्प के साथ इसे 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है।
Hyundai Verna
नई Hyundai Verna सिर्फ स्टाइलिश डिजाइन ही नहीं, बल्कि शानदार रियर सीट स्पेस भी ऑफर करती है। लंबे व्हीलबेस की वजह से इसमें पीछे बैठने वालों को पर्याप्त लेगरूम और हेडरूम मिलता है। इसके अलावा सीट कुशनिंग और अंडर-थाई सपोर्ट भी लंबी दूरी के सफर को अधिक आरामदायक बनाते हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.99 लाख रुपये है।
Maruti Suzuki XL6
अगर आप MPV खरीदने की सोच रहे हैं तो Maruti Suzuki XL6 बेहतरीन विकल्पों में शामिल है। इसकी दूसरी पंक्ति में स्टैंडर्ड कैप्टन सीट्स मिलती हैं, जिससे यात्रियों को ज्यादा पर्सनल स्पेस और आराम मिलता है। ऊंची सीटिंग पोजिशन, आसान एंट्री-एग्जिट और पर्याप्त लेगरूम इसकी बड़ी खूबियां हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.52 लाख रुपये है।
Kia Carens Clavis
Kia Carens Clavis उन परिवारों के लिए शानदार विकल्प है, जिन्हें बड़ी और आरामदायक कार चाहिए। इसकी दूसरी पंक्ति में पर्याप्त लेगरूम और हेडरूम मिलता है। सीटों को पीछे की ओर स्लाइड करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे यात्रियों को और अधिक आराम मिलता है। 6-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध यह MPV लंबी यात्राओं के लिए बेहतरीन साबित होती है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.23 लाख रुपये है.
अगर आपकी प्राथमिकता पिछली सीट का आराम है, तो Honda City, MG Windsor EV, Hyundai Verna, Maruti Suzuki XL6 और Kia Carens Clavis जैसे विकल्प 15 लाख रुपये से कम बजट में बेहतरीन चुनाव साबित हो सकते हैं।
(मंजू कुमारी)