Bhavna कौन है? गिरवी रखे गहनों के लिए प्रेमी संग मिलकर फाइनेंस मैनेजर को दी खौफनाक मौत, एक चूक ने फंसा दिया
Published: Monday, September 7, 2026, 14:20 [IST]
Gujarat Prantij Finance Manager Murder: गुजरात के प्रांतिज में एक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या की साजिश रची थी। मामला 6 लाख रुपये के कर्ज और गिरवी रखे सोने के गहनों से जुड़ा बताया जा रहा है। महिला का कथित प्रेमी फिलहाल फरार है।
मृतक की पहचान भरत चौधरी के रूप में हुई है। वह मानसा स्थित IIFL फाइनेंस शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक, भरत 2 सितंबर से लापता थे। दो दिन बाद उनका शव प्रांतिज तालुका के लिमला गांव के पास उनकी कार में मिला।
Who Is Bhavna Thakor: कौन है भावना?
पुलिस जांच में गिरफ्तार महिला की पहचान भावना उर्फ भावू ठाकोर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि भावना और योगेश ठाकोर करीब 7 साल से रिश्ते में थे। जांच के दौरान दोनों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का संदेह सामने आया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर दोनों की पहचान की। इसके बाद भावना को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि योगेश की तलाश जारी है।
6 लाख के कर्ज से जुड़ी थी साजिश
पुलिस के अनुसार, भावना ने आईआईएफएल फाइनेंस से करीब 1.50 लाख रुपये का कर्ज लिया था। वहीं, योगेश पर करीब 4.50 लाख रुपये का ऋण था। दोनों पर कुल करीब 6 लाख रुपये बकाया थे।
पुलिस का आरोप है कि दोनों कर्ज चुकाने से बचना चाहते थे। साथ ही वे ऋण के बदले गिरवी रखे गए सोने के गहनों को भी वापस पाना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने फाइनेंस कंपनी के मैनेजर भरत चौधरी को निशाना बनाने की योजना बनाई।
भावना ने मैनेजर को फोन कर प्रांतिज बुलाया
जांच के मुताबिक, भावना ने कथित तौर पर भरत चौधरी को फोन किया और उन्हें प्रांतिज आने के लिए कहा। उसने मैनेजर से कर्ज से जुड़े पैसों के भुगतान की बात कही थी। इसके बाद योगेश कथित तौर पर भरत को मानसा से अपनी कार में लेकर निकला। पुलिस के अनुसार, वडवासा के पास कार में ही भरत पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश में फंसी कार
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी भरत के शव को ठिकाने लगाने और कार को किसी सुनसान जगह छोड़ने के लिए लिमला की ओर गए। इसी दौरान कार को पीछे करते समय वह सड़क किनारे एक खाई में फंस गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार को वहां से निकाल नहीं सके। पकड़े जाने के डर से वे कार और उसमें पड़े शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए। बाद में लिमला गांव और वडवासा को जोड़ने वाली सड़क के पास कार से भरत चौधरी का शव बरामद हुआ। पुलिस को उनकी गर्दन पर चोट के निशान मिले।
भावना गिरफ्तार, योगेश की तलाश जारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भावना को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका कथित प्रेमी योगेश ठाकोर अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन लोग शामिल थे और वारदात के पीछे पूरी योजना क्या थी। मामले में आगे की जांच जारी है।