ढाबे जैसी भिंडी मसाला घर पर बनाएं, हर बाइट बढ़ा देगा खाने का स्वाद - Haribhoomi
Bhindi Masala Recipe: ढाबे जैसी भिंडी मसाला घर पर बनाएं, हर बाइट बढ़ा देगा खाने का स्वाद
Bhindi Masala Recipe: आप डिनर में कुछ खास बनाना चाहते हैं तो भिंडी मसाला तैयार कर सकते हैं। जानते हैं इसे बनाने की विधि।
ढाबा स्टाइल भिंडी मसाला बनाने की आसान रेसिपी।
- Published: 27 Jul 2026, 09:09 PM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 09:09 PM IST
Bhindi Masala Recipe: भिंडी एक ऐसी हरी सब्जी है, जिसे बच्चे हों या बड़े, लगभग हर कोई पसंद करता है। हालांकि कई बार घर में बनी भिंडी चिपचिपी हो जाती है या उसमें वह मसालेदार स्वाद नहीं आ पाता, जो ढाबों और रेस्टोरेंट में मिलने वाली भिंडी मसाला में होता है। सही मसालों का संतुलन और पकाने की सही तकनीक अपनाकर आप घर पर भी होटल जैसी स्वादिष्ट भिंडी मसाला तैयार कर सकते हैं।
अगर आप रोज की साधारण सब्जी से कुछ अलग और लाजवाब बनाना चाहते हैं, तो भिंडी मसाला बेहतरीन विकल्प है। यह रेसिपी न सिर्फ बनाने में आसान है, बल्कि रोटी, पराठे, पूरी और दाल-चावल के साथ भी शानदार लगती है। आइए जानते हैं स्वाद से भरपूर भिंडी मसाला बनाने की आसान विधि।
भिंडी मसाला बनाने के लिए सामग्री
- 500 ग्राम ताजी भिंडी
- 2 बड़े प्याज (पतले कटे हुए)
- 2 टमाटर (बारीक कटे हुए)
- 2 हरी मिर्च (चीरा लगी)
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1/2 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- 3 बड़े चम्मच तेल
- स्वादानुसार नमक
- बारीक कटा हरा धनिया
भिंडी मसाला बनाने की विधि
भिंडी को अच्छी तरह तैयार करें
सबसे पहले भिंडी को अच्छी तरह धो लें और पूरी तरह सूखने दें। इसके बाद उसके दोनों सिरे काटकर लंबाई में या गोल आकार में काट लें। सूखी भिंडी इस्तेमाल करने से सब्जी चिपचिपी नहीं बनती।
भिंडी को हल्का फ्राई करें
एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें भिंडी को मध्यम आंच पर 6 से 8 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद भिंडी को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
मसाला तैयार करें
उसी कड़ाही में बचा हुआ तेल डालें और जीरा चटकाएं। अब प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्ची खुशबू खत्म होने तक पकाएं। फिर टमाटर, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाला तेल न छोड़ने लगे।
भिंडी और मसालों को मिलाएं
अब भुनी हुई भिंडी को तैयार मसाले में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं। इसमें अमचूर पाउडर, गरम मसाला और हाथों से मसलकर कसूरी मेथी डालें। 3 से 4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि मसालों का स्वाद भिंडी में अच्छी तरह समा जाए।
सजाकर करें सर्व
आंच बंद करें और ऊपर से ताजा हरा धनिया डालें। गरमा-गरम भिंडी मसाला को तंदूरी रोटी, फुल्का, पराठा या जीरा राइस के साथ परोसें। चाहें तो साथ में दही, सलाद और अचार भी सर्व कर सकते हैं।
परफेक्ट भिंडी मसाला बनाने के टिप्स
- भिंडी धोने के बाद पूरी तरह सूखने दें।
- भिंडी को पहले हल्का फ्राई करने से चिपचिपापन कम होता है।
- मसाले को अच्छी तरह भूनने से स्वाद बढ़ता है।
- कसूरी मेथी और अमचूर अंत में डालें, इससे खुशबू और स्वाद बेहतर आता है।
- सब्जी को बार-बार चलाने से बचें, वरना भिंडी टूट सकती है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)