Bhopal Accident: सड़क पर बैठी 3 साल की मासूम को स्कॉर्पियो ने 20 फीट तक घसीटा, मौके पर मौत - Haribhoomi

भोपाल के बैरसिया स्थित ललरिया गांव में तीन वर्षीय जूना खान की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। मनपसंद सामान नहीं मिलने पर बच्ची सड़क पर बैठ गई थी। कुछ सेकंड बाद आगे बढ़ी स्कॉर्पियो उसे करीब 20 फीट तक घसीटती ले गई।

Bhopal News

3 साल की मासूम को स्कॉर्पियो ने 20 फीट तक घसीटा

  • Published: 20 Jul 2026, 09:36 AM IST
  • Last Updated: 20 Jul 2026, 09:36 AM IST

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। ललरिया गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर बैठी तीन वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची वाहन के नीचे करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

जिद में सड़क के बीच बैठ गई
पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्ची की पहचान जूना खान (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पिता सोहेल खान और मां दोनों शासकीय शिक्षक हैं। रविवार दोपहर जूना अपनी बड़ी बहन के साथ घर के पास स्थित एक दुकान पर सामान लेने गई थी। बताया गया कि दुकान पर उसकी पसंद की चीज नहीं मिलने से वह नाराज हो गई। वापस लौटते समय बड़ी बहन सड़क पार कर गई, लेकिन जूना जिद में सड़क के बीच बैठ गई। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक सफेद स्कॉर्पियो करीब 10 सेकंड बाद आगे बढ़ी।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चालक को सड़क पर बैठी बच्ची दिखाई नहीं दी। वाहन सीधे बच्ची के ऊपर चढ़ गया और वह स्कॉर्पियो के नीचे फंसकर करीब 20 फीट तक घिसटती रही। इसके बाद वाहन का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। बैरसिया थाना पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में वाहन चालक की लापरवाही सामने आई है। स्कॉर्पियो चालक की पहचान जाकिर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।