BHOPAL NEWS: कान्हा सैया मामले में संजय लालवानी के खिलाफ आपराधिक मामला रद्द, सुप्रीम कोर्ट का फैसला
नई दिल्ली, 31 अगस्त 2026: सुप्रीम कोर्ट की दो न्यायाधीशों की पीठ (न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन और न्यायमूर्ति अरुण पल्ली) ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के उस आदेश को खारिज कर दिया है, जिसमें वास्तविक भूमि स्वामी के साथ समझौते के बावजूद आपराधिक मामले को रद्द करने से इनकार कर दिया गया था। सर्वोच्च न्यायालय ने भोपाल की सत्र अदालत में लंबित आपराधिक मुकदमे (एसटी नंबर 459 ऑफ 2018) को रद्द करते हुए 'पीड़ित' (Victim) और 'शिकायतकर्ता/सूचनादाता' (Informant) के कानूनी अंतर पर एक महत्वपूर्ण सिद्धांत प्रतिपादित किया है।
विवाद की पूरी कहानी: पारिवारिक संबंध और 54.48 एकड़ जमीन का फेर
इस पूरे कानूनी विवाद की जड़ें भोपाल के तहसील हुजूर के ग्राम कान्हा सैया (Kanasaiya) में स्थित 54.48 एकड़ कृषि भूमि से जुड़ी हैं, जिसके वास्तविक मालिक जयपुर निवासी प्रदीप सिंह मेहता (प्रतिवादी संख्या 2) थे। 18 अक्टूबर 2011 आपको प्रदीप मेहता के ममेरे भाई सुभाष चंद्र लालवानी (प्रतिवादी संख्या 3 / शिकायतकर्ता) ने भोपाल के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) के समक्ष अपने ही भाई आनंद कुमार उर्फ संजय लालवानी (अपीलकर्ता) और तीन अन्य (स्नेहा भोसले, श्याम सुंदर जोशी और सुनील विश्वकर्मा) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने प्रदीप सिंह मेहता की जमीन हड़पने के लिए 31 मार्च 1997 का एक फर्जी 'मुख्तारनामा' (General Power of Attorney - GPA) तैयार किया। इसके बाद 16 मार्च 2000 को "मेसर्स पैराडाइज फर्म्स" (16, नादिर कॉलोनी, श्यामला हिल्स, भोपाल) नाम से एक साझेदारी फर्म बनाई गई। इस डीड में दिखाया गया कि प्रदीप मेहता ने अपनी पूरी 54.48 एकड़ जमीन फर्म को पूंजी के रूप में सौंप दी है।
शिकायतकर्ता सुभाष लालवानी का दावा था कि इस 54.48 एकड़ में से खसरा नंबर 562 की 15.18 एकड़ जमीन में से 7.50 एकड़ (नीलगिरी के पेड़ों वाली जमीन) उनके पिता (स्वर्गीय सरदारमल लालवानी) और प्रदीप मेहता के बीच गहरे पारिवारिक संबंधों के कारण उन्हें पारिवारिक विभाजन में मिली थी। आरोपियों ने 7 जून 2000 को सहायक बंदोबस्त अधिकारी, आनंद नगर, भोपाल के आदेश से पूरी जमीन का नामांतरण (Mutation) इस नई फर्म के नाम करवा लिया, जिससे शिकायतकर्ता को नुकसान हुआ।
9 फरवरी 2012 को मजिस्ट्रेट के सामने प्रदीप मेहता ने बयान दिया कि उनके हस्ताक्षर जाली थे। मजिस्ट्रेट ने 28 मई 2012 को IPC की धारा 466, 467, 468, 471, 420, 406 और 120-B के तहत संज्ञान लिया। हालांकि, उच्च न्यायालय ने पूर्व के दौर (3 अप्रैल 2018) में स्पष्ट किया था कि सुभाष लालवानी के पास 7.50 एकड़ जमीन के मालिकाना हक का कोई लिखित या दस्तावेजी सबूत नहीं है।
वास्तविक पीड़ित का समझौता और हाई कोर्ट का इनकार
दौराने-मुकदमा एक बड़ा मोड़ तब आया, जब आरोपी संजय लालवानी और असली जमीन मालिक प्रदीप सिंह मेहता के बीच पारिवारिक शांति के लिए समझौता हो गया। प्रदीप मेहता ने अदालत में हलफनामा देकर स्पष्ट किया कि, उन्होंने अपनी मर्जी से यह जमीन 'पैराडाइज फर्म्स' साझेदारी में लगाई थी और संजय लालवानी ने उनके निर्देश पर ही सारी औपचारिकताएं पूरी की थीं। शिकायतकर्ता सुभाष लालवानी का इस जमीन पर कभी कोई कानूनी अधिकार नहीं था। उन्होंने वर्ष 2012 में मजिस्ट्रेट के सामने जाली हस्ताक्षर का बयान केवल अपने भाई सुभाष लालवानी के दबाव और पारिवारिक/भावनात्मक जुड़ाव के कारण दिया था। वह अब इस मुकदमे को खत्म कर पारिवारिक शांति बहाल करना चाहते हैं।
हाई कोर्ट का फैसला (19 सितंबर 2024):
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने संजय लालवानी की धारा 482 CrPC के तहत दायर याचिका खारिज कर दी। हाई कोर्ट का तर्क था कि CrPC की धारा 320 के तहत अपराधों का शमन (Compounding) केवल शिकायतकर्ता द्वारा किया जा सकता है। चूंकि शिकायतकर्ता सुभाष लालवानी इस समझौते में शामिल नहीं थे, इसलिए केवल एक 'गवाह' (प्रदीप मेहता) के साथ समझौते के आधार पर केस रद्द नहीं हो सकता।
सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों के वकीलों के बीच तीखी बहस
सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष दोनों पक्षों के वरिष्ठ वकीलों ने अपने-अपने मुवक्किलों के पक्ष में मजबूत दलीलें पेश कीं:
अपीलकर्ता (संजय लालवानी) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता श्री आर. बसंत के तर्क:
उच्च न्यायालय ने मामले को पूरी तरह से गलत समझा। यह मामला धारा 320 CrPC के तहत 'अपराध के शमन' (Compounding) का नहीं, बल्कि धारा 482 CrPC के तहत समझौते के आधार पर 'आपराधिक कार्यवाही को रद्द' (Quashing) करने का था। दोनों में स्पष्ट कानूनी अंतर है।
शिकायत के अनुसार, कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के वास्तविक 'पीड़ित' प्रदीप सिंह मेहता ही थे (जिनकी जमीन हड़पने का आरोप था)। चूंकि असली पीड़ित ने खुद समझौता कर लिया है, इसलिए मुकदमे को जारी रखना कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है।
शिकायतकर्ता सुभाष लालवानी का इस विवादित जमीन में कोई कानूनी हित नहीं है, जैसा कि हाई कोर्ट ने खुद अपने 2018 के आदेश में दर्ज किया था।
प्रतिवादी संख्या 2 (प्रदीप सिंह मेहता) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुश्री मीनाक्षी अरोड़ा के तर्क:
समझौते के लिए शिकायतकर्ता/सूचनादाता की सहमति अनिवार्य नहीं है क्योंकि वह इस मामले में 'पीड़ित' नहीं हैं। शिकायतकर्ता को कभी भी कोई जमीन हस्तांतरित नहीं की गई थी और न ही इसके बदले कोई प्रतिफल (Consideration) दिया गया था। उन्होंने कभी भी साझेदारी फर्म के गठन या म्यूटेशन को चुनौती नहीं दी।
शिकायतकर्ता (सुभाष चंद्र लालवानी) की ओर से अधिवक्ता श्री संकल्प कोचर के तर्क:
प्रदीप सिंह मेहता का नया समझौता हलफनामा वर्ष 2012 में मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए उनके स्वयं के शपथ पत्र के बिल्कुल विपरीत है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार की रिपोर्ट में प्रदीप मेहता को गलती से 'शिकायतकर्ता' बताया गया था। हलफनामे में प्रदीप मेहता ने यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा है कि पावर ऑफ अटॉर्नी पर मौजूद हस्ताक्षर वास्तव में उनके ही थे।
मध्य प्रदेश राज्य की ओर से अधिवक्ता श्री राजन के. चौरसिया:
उन्होंने शिकायतकर्ता सुभाष चंद्र लालवानी के तर्कों का समर्थन किया और अपील का विरोध किया।
सुप्रीम कोर्ट का विस्तृत निर्णय और लैंडमार्क जजमेंट्स का उपयोग
न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन द्वारा लिखे गए फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के दृष्टिकोण को त्रुटिपूर्ण माना और निम्नलिखित ऐतिहासिक निर्णयों तथा कानूनों का उपयोग किया:
क) शमन (Compounding) और रद्दीकरण (Quashing) का अंतर:
अदालत ने स्पष्ट किया कि धारा 320 CrPC (नवीन कानून BNSS की धारा 359) के तहत शमन करने की शक्ति सीमित और संकीर्ण है। इसके विपरीत, धारा 482 CrPC के तहत उच्च न्यायालय की अंतर्निहित शक्ति व्यापक है, जो इस बात पर निर्भर करती है कि क्या समझौते के बाद दोषसिद्धि की कोई संभावना बची है।
लैंडमार्क जजमेंट: कोर्ट ने 'ज्ञान सिंह बनाम पंजाब राज्य (2012) 10 SCC 303' और हालिया निर्णय 'नौशे अली बनाम उत्तर प्रदेश राज्य (2025) 4 SCC 78' का हवाला दिया। कोर्ट ने माना कि दीवानी और वाणिज्यिक प्रकृति के पारिवारिक विवादों को, जो समाज को व्यापक रूप से प्रभावित नहीं करते, समझौते के बाद रद्द किया जा सकता है।
ख) पीड़ित (Victim) बनाम शिकायतकर्ता (Informant) का कानूनी सिद्धांत:
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दंड प्रक्रिया संहिता में शिकायतकर्ता और पीड़ित दो अलग-अलग अवधारणाएं हैं।
लैंडमार्क जजमेंट: 'जगजीत सिंह बनाम आशीष मिश्रा उर्फ मोनू (2022) 9 SCC 321' का उल्लेख करते हुए कोर्ट ने कहा कि कोई भी अजनबी व्यक्ति कानून को गति में लाने के लिए 'शिकायतकर्ता' बन सकता है, लेकिन समझौता करने का अधिकार केवल उसी 'पीड़ित' को है जिसने वास्तविक नुकसान या क्षति उठाई हो।
परिभाषा: CrPC की धारा 2(wa) और BNSS की धारा 2(y) के तहत पीड़ित वह है जिसे आरोपी के कृत्य से सीधे तौर पर नुकसान हुआ हो। इस मामले में प्रदीप मेहता ही असली पीड़ित हैं।
न्यायालय की विशिष्ट एवं महत्वपूर्ण टिप्पणियां
माननीय सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले के संदर्भ में देश की न्याय प्रणाली पर कई तीखी और महत्वपूर्ण टिप्पणियां कीं:
गवाह के मुकर जाने पर समय की बर्बादी: कोर्ट ने टिप्पणी की कि जब मुख्य गवाह (प्रदीप मेहता) ने स्वयं हलफनामा देकर कह दिया है कि संजय लालवानी ने उनके निर्देश पर ही काम किया था, तो ट्रायल कोर्ट में अभियोजन का पक्ष पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगा। ऐसी स्थिति में मुकदमा जारी रखना "न्यायिक समय की सरासर बर्बादी और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग" होगा।
न्यायिक प्रणाली पर बढ़ता बोझ: कोर्ट ने गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा, "यदि ऐसे मुकदमों को रद्द नहीं किया गया, तो यह हमारे न्यायिक तंत्र को और अधिक अवरुद्ध (clog) करेगा। यह मामला उन अन्य महत्वपूर्ण मामलों के मार्ग में बाधा बनेगा जो न्याय के लिए गुहार लगा रहे हैं।"
पारिवारिक विवादों का अंत: कोर्ट ने कहा कि न्याय का उद्देश्य समाज में शांति स्थापित करना है। जब मुख्य पात्रों (Protagonists) ने अपने मतभेदों को भुलाकर हाथ मिला लिया है और आगे बढ़ने का फैसला किया है, तो अदालतों को ऐसे मामलों को समाप्त कर देना चाहिए।
Bhopal News: Supreme Court Quashes Criminal Case Against Sanjay Lalwani in Kanha Saiya Case
सुप्रीम कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का 19 सितंबर 2024 का आदेश रद्द कर दिया। इसके परिणामस्वरूप, द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, भोपाल के समक्ष लंबित मुख्य मुकदमा एसटी नंबर 459 ऑफ 2018 पूरी तरह से रद्द हो गया और हाई कोर्ट में लंबित शिकायतकर्ता की क्रिमिनल रिविजन याचिका (CRR No. 2747 of 2019) भी निष्प्रभावी होकर खारिज हो गई।
