Bhopal News: पीएचक्यू से पुरानी जेल रोड तक उखड़ी सड़क, बजरी डालकर हो रही मरम्मत, हर दिन हादसे का बढ़ रहा खतरा - Haribhoomi

PHQ से पुरानी जेल रोड तक सड़क बदहाल, 30-40 गड्ढों से परेशान वाहन चालक; दोपहिया और ई-रिक्शा चालकों की बढ़ी मुश्किलें

PHQ Old Jail Road

बारिश के कारण सड़क पर करीब 30 से 40 गड्ढे बन चुके हैं।

  • Published: 27 Jul 2026, 08:49 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 08:49 PM IST

(मनीष मन) Bhopal: भोपाल में लगातार हो रही बारिश ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। PHQ से पुरानी जेल रोड तक करीब तीन किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, लेकिन उनकी पक्की मरम्मत के बजाय केवल बजरी डालकर अस्थायी समाधान किया जा रहा है।

हालात यह हैं कि कुछ ही घंटों में वाहनों की आवाजाही से बजरी सड़क पर फैल जाती है और गड्ढे फिर से उभर आते हैं। इससे सड़क पहले से अधिक फिसलन भरी और खतरनाक बन जाती है।

दोपहिया चालकों के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल
इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क तेजी से टूट रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक, स्कूटी और ई-रिक्शा चालकों को हो रही है। सड़क पर फैली बजरी के कारण वाहन फिसलने का खतरा हर समय बना रहता है।

बारिश के कारण सड़क पर करीब 30 से 40 गड्ढे बन चुके हैं। इनमें पानी भर जाने से रात के समय गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।

पहली ही बारिश में उखड़ गई सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि जून महीने में इस सड़क की पेच मरम्मत कराई गई थी, लेकिन पहली ही तेज बारिश में सड़क फिर से उखड़ गई। उनका आरोप है कि गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत के बजाय केवल औपचारिकता निभाई जा रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

विभाग का दावा, जरूरत पड़ी तो होगा निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग (PWD) का कहना है कि सड़कों की मरम्मत लगातार कराई जा रही है। विभाग के अनुसार यदि किसी स्थान पर अधिक समस्या है तो अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, विभाग के मुख्य अभियंता शुभम पाटिल ने इस सड़क की खराब स्थिति की जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की जाए।

हर दिन बढ़ रहा बड़ा खतरा
बारिश के मौसम में सड़क पर बने गड्ढे और फैली बजरी किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिक सुरक्षित सफर कर सकें।