BHU PhD Admission: बीएचयू में पीएचडी एडमिशन के लिए ज्यादा आवेदन आए तो पहले होगी स्क्रीनिंग, फिर इंटरव्यू

बीएचयू में PhD एडमिशन में होगी स्क्रीनिंगImage Credit source: : BHU website
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में PhD Admission की दूसरी चरण की प्रक्रिया अगले महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है. इस बार प्रवेश प्रक्रिया में कुछ अहम बदलाव देखने को मिलेंगे. अगर किसी विभाग में PhD की सीटों के मुकाबले आवेदन बहुत ज्यादा आते हैं तो अभ्यर्थियों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की जा सकेगी. इसके बाद चुने गए कैंडिडेट्स को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. साथ ही, मुख्य और संबद्ध विषयों के अभ्यर्थियों की संयुक्त मेरिट लिस्ट बनाने की तैयारी भी की जा रही है. इससे रिसर्च में रुचि रखने वाले छात्रों को एडमिशन के ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद है.
ज्यादा आवेदन पर हो सकती है स्क्रीनिंग
BHU में PhD की खाली सीटों की डिटेल जुटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. दूसरी एडमिशन प्रक्रिया में अगर किसी कोर्स में आवेदन की संख्या काफी ज्यादा होती है तो संबंधित विभाग स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित कर सकता है. यह व्यवस्था इसी साल मई में हुई एकेडमिक काउंसिल की बैठक में तय की गई थी.
दरअसल, कुछ विषयों में एक सीट के लिए आठ तक अभ्यर्थियों की दावेदारी सामने आई थी. ऐसे में सभी कैंडिडेट्स का सीधे इंटरव्यू लेना मुश्किल हो सकता है. इसलिए पहले स्क्रीनिंग के जरिए कैंडिडेट्स की संख्या सीमित करने का विकल्प दिया गया है. हालांकि, स्क्रीनिंग कराई जाएगी या नहीं इसका अंतिम फैसला संबंधित कमेटी करेगी.
साल में दो बार PhD एडमिशन
BHU ने इसी साल PhD में साल में दो बार एडमिशन लेने की व्यवस्था शुरू की है. इसका उद्देश्य उन अभ्यर्थियों को भी मौका देना है जो पहले एडमिशन साइकिल में शामिल नहीं हो पाए थे. विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश प्रक्रिया को आसान, छात्र केंद्रित और पारदर्शी बनाने पर जोर दे रहा है.
दूसरे चरण में मुख्य विषय और संबद्ध विषयों के उम्मीदवारों के लिए संयुक्त मेरिट लिस्ट तैयार करने की भी व्यवस्था की जा रही है. प्रवेश से पहले उपलब्ध सीटों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
BHU के तीन प्रोफेसर बने NASI फेलो
BHU के साइंस संस्थान के तीन फैकल्टी मेंबर्स को वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, भारत (NASI) का फेलो चुना गया है. इनमें बॉटनी की प्रो. शशि पांडेय, जियोलॉजी के प्रो. प्रकाश कुमार सिंह और भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं. तीनों का इंडक्शन दिसंबर में BHU में होने वाले NASI के वार्षिक अधिवेशन में किया जाएगा.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More