Bigg Boss 20: सलमान का सामना कैसे करेंगी CJP प्रोटेस्ट गर्ल रिया? कहा- अगर वो चिल्लाए तो...
Sep 02, 2026 10:10 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Salman Khan Reality Show: बिग बॉस 20 की शुरुआत में अब बस कुछ दिन ही बाकी हैं। शो को लेकर लोगों की उत्सुकता भी बढ़ गई है। इस सीजन में सीजेपी प्रोटेस्ट गर्ल रिया अहीर भी नजर आ सकती हैं। उन्होंने बताया कि अगर वो शो में गईं तो सलमान खान से कैसे डील करेंगी?

बिग बॉस में सलमान को कैसे डील करेंगी रिया?
सलमान खान का शो बिग बॉस 20 6 सितंबर से शुरू होने वाला है। इस शो के अभी किसी भी कंटेस्टेंट के नाम से पर्दा आधिकारिक तौर से नहीं हटा है, लेकिन दो नाम ऐसे हैं जिनमें से एक नाम तो तय है कि शो में नजर आएगा। इन दो नामों में एक नाम है रिया अहीर। रिया उस वक्त चर्चा में आई थीं जब नीट पेपर लीक के खिलाफ हो रहे प्रोटेस्ट के दौरान मुंबई में वो पुलिस वैन के सामने खड़ी हो गई थीं। रिया ने बिग बॉस 20 को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि वो सलमान खान का सामना कैसे करेंगी?
बिग बॉस 20 में हो सकती है रिया अहीर की एंट्री
बिग बॉस 20 में सीजेपी प्रोटेस्ट गर्ल रिया अहीर और पंजाबी एक्ट्रेस और मॉडल लवप्रीत कौर के बीच वोटिंग चल रही है। फैन्स का फैसले में जो कंटेस्टेंट जीतेगा, वो बिग बॉस 20 के घर में नजर आएगा। रिया की एंट्री भले ही अभी तय नहीं हुई हो, लेकिन रिया बिग बॉस 20 के बारे में बात जरूर कर रही हैं। उन्होंने द फ्री प्रेस जर्नल से खास बातचीत में बताया कि अगर शो में सलमान उनपर चिल्लाते हैं तो वो रो देंगी।
सलमान से कैसे डील करेंगी रिया अहीर?
रिया से पूछा गया कि वो शो पर सलमान खान से कैसे डील करेंगी, खासकर उन स्थितियों में जब उन्हें लगेगा कि सलमान उनके साथ अनुचित चीज के लिए डांट रहे हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए रिया ने कहा, “सबसे पहले तो, मुझे लगता है कि वो बहुत अच्छे से बात करने वाले इंसान हैं। वह पढ़े-लिखे बैकग्राउंड से आते हैं। तो उन्होंने अपने जीवन में उन्होंने जो मुकाम हासिल किया, जब वो बात करते हैं लोग उन्हें सुनते हैं। और अगर वो कुछ कहेंगे तो मुझे यकीन है कि उसके पीछे कुछ कारण होगा। लेकिन फिर भी अगर मुझे ऐसा लगेगा कि मैंने कुछ गलत नहीं किया है, तो मैं बहुत सम्मान के साथ अपना प्वाइंट रखूंगी। और अगर वो मेरी बात नहीं मानते हैं, तब भी ठीक है। शायद उन्हें मेरा नजरिए ना समझ आए। और हमारे जनरेशन की खूबसूरती ये है कि हम अलग-अलग सोच और नजरिए को अपनाते हैं। लेकिन अगर वो मुझपर चिल्लाते हैं, तो शायद मैं अपना सिर नीचे करके रोने लगूंगी।”
बिग बॉस में नहीं मिली एंट्री तो होगा दुख?
रिया से पूछा गया कि अगर उन्हें जनता के वोट नहीं मिलते हैं और वो बिग बॉस में नहीं जा पाती हैं तो क्या उन्हें बुरा लगेगा? इसपर रिया ने कहा, “मैं ठीक रहूंगी। मुझे लगता है कि जीवन में जो भी होता है वो किसी कारण से होता है, या तो वो आशीर्वाद होता या सीख।”