Bihar Mini Gun Factory: बिहार में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, अंदर का नजारा देख पुलिस के भी उड़े होश
Published: Saturday, July 11, 2026, 17:16 [IST]
Bihar Mini Gun Factory: बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनाथ गांव में चल रही इस फैक्ट्री पर संयुक्त छापेमारी के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से एक बंदूक, सात अर्द्ध-निर्मित हथियार, हथियार बनाने वाली मशीनें और कई आधुनिक उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना और बंगाल एसटीएफ के इनपुट के आधार पर की गई। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
गुप्त सूचना के बाद हुई संयुक्त छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहकुंड के हरनाथ गांव में मोहम्मद रिजवान अपने घर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री चला रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद बंगाल एसटीएफ, बिहार एसटीएफ, जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और शाहकुंड थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। थानाध्यक्ष पवन कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढे़ं: Bihar News: बिहार में 3035 सरकारी शिक्षकों की जाएगी नौकरी, ब्याज सहित वेतन वसूलेगी सरकार, शिक्षामंत्री का ऐलान
हथियार और आधुनिक मशीनें बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नाली बंदूक, सात अर्द्ध-निर्मित हथियारों की लोहे की बॉडी, आठ मोबाइल फोन, दो ड्रिल मशीन, लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, हथौड़ी, छेनी, रेती, बर्मा ड्रिल और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए। बरामद सामान से साफ है कि यहां हथियार तैयार करने का काम व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा था। पुलिस जब्त सामान की फॉरेंसिक जांच भी कराएगी।
पांच आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान मुंगेर के कासिमबाजार निवासी मोहम्मद कासिम और मोहम्मद समीम के अलावा शाहकुंड के मोहम्मद मिराज, जब्बार मंसूरी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे।
ये भी पढे़ं: Bihar Rapid Rail: बिहार में 'मिनी बुलेट ट्रेन' की तैयारी, मुजफ्फरपुर, गया, आरा और बेगूसराय वालों की होगी मौज
एसएसपी के अभियान का बड़ा परिणाम
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि जिले में एसएसपी के निर्देश पर अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर पूरे अवैध हथियार निर्माण और तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य केवल फैक्ट्री बंद कराना नहीं, बल्कि इससे जुड़े पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना है।