Bihar Protest: बिहार में बेकाबू हुए हालात! 9 जिलों में पुलिस-प्रदर्शनकारियों में भिड़त, शनिवार को चक्का जाम

Time Published: Friday, July 24, 2026, 20:29 [IST]

Bihar Protest: NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्रों का आंदोलन शुक्रवार को और तेज हो गया। पटना समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा दी गई है। मुजफ्फरपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं, जबकि औरंगाबाद में स्कूल-कॉलेजों के साथ इंटरनेट पर भी रोक लगा दी गई है।

कई जिलों में धारा-144 लागू होने की जानकारी सामने आई है। पटना में डीएम और एसएसपी खुद सड़कों पर मोर्चा संभाले हुए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Bihar Protest

पटना में हाई अलर्ट, DM-SSP खुद सड़क पर संभाल रहे मोर्चा

राजधानी पटना को आंदोलन का सबसे संवेदनशील केंद्र माना जा रहा है। जेपी गोलंबर, विधानसभा और रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। वाटर कैनन, रैपिड एक्शन टीम और करीब 200 जवान मौके पर मौजूद हैं। डीएम और एसएसपी लगातार सड़कों पर गश्त कर हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए छात्रों से पूछताछ भी की जा रही है। विधायक भी एहतियात के तौर पर अपनी गाड़ियों से झंडे हटाकर विधानसभा पहुंचे।

ये भी पढे़ं: Bihar: 'विधायकों का चमड़ा उधेड़कर विदेश में बेचिए', बिहार विधानसभा में RJD MLA का ऐसा बयान, सन्न रह गए मंत्री!

मुजफ्फरपुर में इंटरनेट बंद, 24 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोक

प्रशासन ने मुजफ्फरपुर के टाउन-1 और टाउन-2 पुलिस सब-डिवीजन क्षेत्रों में 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम सहित 24 सोशल नेटवर्किंग और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि बैंकिंग, रेलवे और सरकारी अधिकृत इंटरनेट सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।

ये भी पढे़ं: पटना में बेकाबू हुआ छात्रों का प्रदर्शन, BJP विधायक ने जैसे-तैसे बचाई जान, नेताओं को दौड़ाकर पीटा

बेतिया से दरभंगा तक सड़कों पर उतरे छात्र, कई जगह पुतला दहन

बेतिया, बक्सर, सुपौल, जमुई, समस्तीपुर, वैशाली, खगड़िया और दरभंगा समेत कई जिलों में हजारों छात्र पोस्टर और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आए। वैशाली और दरभंगा में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। कई स्थानों पर स्थानीय लोग भी छात्रों के समर्थन में विरोध मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

भागलपुर में ड्रोन से निगरानी, जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

आंदोलन को देखते हुए भागलपुर में पुलिस ड्रोन के जरिए संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही है। समस्तीपुर और पूर्णिया के कलेक्ट्रेट परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कई जिलों में प्रशासन ने धारा-144 लागू कर भीड़ जुटाने पर रोक लगाने के कदम उठाए हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

औरंगाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद, प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

औरंगाबाद में 26 जुलाई तक सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इंटरनेट सेवाओं पर भी अस्थायी रोक लगाई गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि छात्रों के प्रदर्शन के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। खगड़िया और जमुई में प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दो घंटे का समय दिया गया, जबकि अन्य जिलों में भी प्रशासन लगातार आंदोलनकारियों से संवाद बनाए हुए है।

25 जुलाई को AISA ने बिहार बंद का किया ऐलान

छात्र संगठन AISA ने NEET पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया है। ऐसे में प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हिंसा या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले 24 घंटे बिहार के लिए कानून-व्यवस्था के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।