Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट, पटना में 26 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम का हाल

बिहार में मानसून का असर बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 जुलाई को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, पटना, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल और सहरसा में गरज-चमक के साथ बारिश, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

विज्ञापन



अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी


वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर और जमुई में सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने और विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है। मानसून की सक्रियता के कारण अगले 24 घंटे तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

विज्ञापन


Bihar: भाजपा विधायक की सदस्यता जाएगी? कल दिल्ली की अदालत बिहार के पूर्व मंत्री की किस्मत का फैसला देगी

विज्ञापन



पटना में 26 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम


पटना में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 26 जुलाई के बीच आसमान बादलों से ढका रहेगा और एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान लोगों को उमस से पूरी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 22 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 23 जुलाई को अधिकतम तापमान बढ़कर 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है। 24 और 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम क्रमशः 27 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 26 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे सप्ताह आंशिक बादल छाए रहने के साथ बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।