Bihar Weather Alert: संभल जाइए! 15 जुलाई को बिहार के 4 जिलों में मूसलाधार बारिश, बिजली और तेज हवाओं का डबल अलर्ट

Bihar weather: बिहार में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने 15 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

इन 4 जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार कटिहार, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल में मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ जलभराव जैसी स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट

भारी बारिश के अलावा मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई है। विभाग ने किसानों, खुले मैदान में काम करने वाले लोगों और यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

इन जिलों में होगी अच्छी बारिश

पूर्वानुमान के मुताबिक मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है।

वहीं पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पटना समेत दक्षिण बिहार में हल्की बारिश के आसार

राजधानी पटना, गया, नालंदा, नवादा, रोहतास, बक्सर, भोजपुर और औरंगाबाद सहित दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में केवल एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है।

कैसा रहेगा तापमान?

मौसम विभाग के अनुसार पटना, गया और दक्षिण बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वहीं उत्तर बिहार और भागलपुर प्रमंडल के जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान में न जाएं। पेड़, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें।तेज हवा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अपडेट पर नजर रखें।

मानसून की सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में बिहार के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेना जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।