BJP से राज्यसभा जाएंगे नए चेहरे! स्मृति ईरानी-हरीश द्विवेदी के साथ इन नामों पर मंथन, जानिए पुराने चेहरों में किसकी दावेदारी?

UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 29 सितंबर 2026 दिन मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. इन सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होना है. चुनावी गणित के लिहाज से बीजेपी के खाते में आठ सीटें जाने की स्थिति बन रही है, जबकि समाजवादी पार्टी दो सीटें जीतने की स्थिति में बताई जा रही है. इसी बीच बीजेपी में अपने संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर मंथन तेज हो गया है. पार्टी में कई नए चेहरों को राज्यसभा भेजने की चर्चा है. राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं. इनके अलावा वरुण गांधी समेत कई अन्य नेताओं के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में बताए जा रहे हैं. हालांकि, अंतिम फैसला बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को करना है.

बीजेपी के 8 उम्मीदवारों पर मंथन

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. बीजेपी के सामने अपने हिस्से की आठ सीटों के लिए उम्मीदवार तय करने की चुनौती है. पार्टी के स्तर पर कई नामों पर चर्चा चल रही है. सूत्रों के हवाले से स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी के नाम प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं. दोनों को हाल में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं.

स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी का नाम

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और पूर्व बस्ती सांसद हरीश द्विवेदी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं. दोनों के उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है. इसके अलावा वरुण गांधी, संजीव बालियान और सत्यपाल सिंह समेत कुछ अन्य नामों पर भी विचार किए जाने की खबरें हैं. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

पुराने चेहरों में किनकी दावेदारी?

इस बार जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें बीजेपी के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं. इसके अलावा दिनेश शर्मा की सीट उनके राज्यसभा से इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है. शर्मा को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दिया था.

बीएल वर्मा समेत कई नामों पर नजर

बीजेपी के सामने सिर्फ नए चेहरों का विकल्प नहीं है. कुछ मौजूदा नेताओं को दोबारा मौका देने पर भी विचार हो सकता है. इनमें केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम भी चर्चा में है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन कर सकती है.

यूपी चुनाव से पहले जातीय और क्षेत्रीय समीकरण अहम

राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का असर भी देखा जा रहा है. बीजेपी के सामने पश्चिमी यूपी, पूर्वांचल और दूसरे क्षेत्रों के साथ-साथ अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का समीकरण साधने की चुनौती है. यही वजह है कि पार्टी नए और पुराने चेहरों के विकल्पों पर एक साथ विचार कर रही है.

10 सीटों पर क्या है चुनावी गणित?

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों में फिलहाल आठ बीजेपी, एक समाजवादी पार्टी और एक बहुजन समाज पार्टी के पास है. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक मतदान 16 अक्टूबर को होगा. विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के आधार पर बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन के आठ सीटें जीतने की स्थिति में होने की बात सामने आई है, जबकि सपा के पास दो उम्मीदवार जिताने के लिए पर्याप्त संख्या बताई जा रही है. ऐसे में BSP के सामने अपनी खाली हो रही सीट बचाने की चुनौती है.

नामांकन के बाद साफ होगी तस्वीर

नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है और 16 अक्टूबर को मतदान व मतगणना होगी. बीजेपी के उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची आने के बाद ही यह साफ होगा कि पार्टी कितने नए चेहरों को मौका देती है और किन मौजूदा नेताओं को दोबारा राज्यसभा भेजती है. फिलहाल स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी समेत कई नामों को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा जारी है.

यह भी पढ़ें: वकालत में गोल्ड मेडल से लेकर UP के पहले मुख्यमंत्री तक, जानें उस शख्स की कहानी जिसके बिना अधूरा है यूपी का इतिहास