सिख दंगों के दोषी सज्जन कुमार को श्रद्धांजलि पर कांग्रेस-BJP को AAP ने घेरा, जानें क्या लगाया आरोप

दिल्ली AAP प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज. (फाइल फोटो)
आम आदमी पार्टी ने 1984 सिख विरोधी दंगों के दोषी रहे पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को श्रद्धांजलि देने के मामले में बीजेपी के 3 सांसदों और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर बीजेपी और कांग्रेस को सिख समाज के प्रति वास्तव में हमदर्दी है तो दोनों दल अपने संबंधित नेताओं पर कार्रवाई करें.
रविवार को आम आदमी पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत और योगेंद्र चंदोलिया सज्जन कुमार के निधन पर उनके घर शोक व्यक्त करने पहुंचे.
उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार को 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराया गया था और उन्हें उम्रकैद की सजा हुई थी. ऐसे व्यक्ति को बीजेपी सांसदों द्वारा श्रद्धांजलि देना सिख समाज के जख्मों को कुरेदने वाला है.
सज्जन कुमार को श्रद्धांजलि पर विवाद
सौरभ भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा के लिए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से निमंत्रण भेजे गए थे और प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव व्यवस्था देख रहे थे. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि यदि पार्टी वास्तव में 1984 के दंगों के पीड़ितों के साथ है तो देवेंद्र यादव के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेतृत्व अपने तीनों सांसदों पर और राहुल गांधी दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव पर कार्रवाई करें, तभी यह माना जाएगा कि दोनों दल सिख समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता को लेकर गंभीर हैं.
बीजेपी-कांग्रेस में सिखों को न्याय न देने की मिलीभगत का आरोप
आम आदमी पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने बीजेपी और कांग्रेस पर एक-दूसरे को बचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 1984 के दंगों के 42 साल बाद भी पीड़ित परिवार न्याय का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत से सवाल किया कि जिन विधवा महिलाओं और अनाथ बच्चों ने बीजेपी से न्याय की उम्मीद में उसे वोट दिया, क्या उनके दर्द को भूलकर दंगों के दोषी को श्रद्धांजलि देना उचित है?
टाइटलर के खिलाफ क्यों नहीं हो रही कार्रवाई?
जरनैल सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र में बीजेपी की सरकार को 12 साल हो चुके हैं, लेकिन सिख विरोधी दंगों के सभी दोषियों को अब तक न्याय के कटघरे तक नहीं पहुंचाया जा सका है. उन्होंने जगदीश टाइटलर के मामले को उठाते हुए पूछा कि अगर केंद्र सरकार गंभीर है तो टाइटलर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है. उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस के बीच कथित सीक्रेट डील का भी आरोप लगाया और कहा कि दोनों दल एक-दूसरे के नेताओं को बचाने के लिए आपस में मिले हुए हैं, जिसके कारण सिख समाज को अब तक पूरा न्याय नहीं मिल पाया.
दंगा पीड़ित परिवारों को नहीं मिला न्याय
वहीं, आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि बीजेपी और कांग्रेस की कथित मिलीभगत के कारण 1984 के दंगा पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला. उन्होंने कहा कि बीजेपी के सांसदों का सज्जन कुमार को श्रद्धांजलि देने पहुंचना इस पूरे मामले पर पार्टी के रुख को स्पष्ट करता है.

जीतेन्द्र भाटी
करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.
Read More