महाराष्ट्र BJP चीफ ने की CM की तारीफ, 'किसानों के विश्वास का सबसे बड़ा आधार हैं देवेंद्र फडणवीस'
महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने किसानों की कर्ज माफी को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जमकर तारीफ की है. चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा किसानों सहित समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते हैं. उन्होंने कहा कि फडणवीस सिर्फ योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लेते हैं. यही वजह है कि प्रदेश का किसान समाज पूरी मजबूती के साथ देवाभाऊ और सरकार के पीछे खड़ा है.
रविंद्र चव्हाण कृषि कर्ज माफी पर बीजेपी किसान मोर्चा की ओर से आयोजित देवेंद्र फडणवीस के सम्मान समारोह में बोल रहे थे. इस अवसर पर चव्हाण ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णयों का जिक्र किया.
'सरकार की किसान हितैषी नीतियों का लाभ गांवों में पहुंच रहा'
उन्होंने कहा, ''खेत एवं पानंद (ग्रामीण संपर्क) सड़कों का निर्माण, जलयुक्त शिवार अभियान, खेती में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक तकनीक का उपयोग, तथा कृषि पंपों को दिन के समय निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं ने किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है. सरकार की किसान हितैषी नीतियों का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है.''
किसानों से सीधे संवाद का अवसर मिला- देवेंद्र फडणवीस
इस कार्यक्रम के दौरान बीजेपी प्रदेश महासचिव और विधायक संजय कुटे ने राज्य के समस्त किसानों की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अभिनंदन का प्रस्ताव रखा. उपस्थित किसानों ने हाथ उठाकर उसका समर्थन किया और 'देवाभाऊ' के जयघोष से पूरा सभागार गूंज उठा. सम्मान को स्वीकार करते हुए CM फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा कि वह इस कार्यक्रम को केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि किसानों से सीधे संवाद का अवसर मानते हैं.
कर्जमुक्ति का निर्णय किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं लिया- CM
उन्होंने कहा, "हमने कर्जमुक्ति का निर्णय किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया है. किसानों का हित हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है. कई लोगों को लगता था कि सरकार कर्जमाफी नहीं करेगी और आंदोलन करने पड़ेंगे, लेकिन यह महायुति की सरकार है, किसानों की देवाभाऊ सरकार है."
कृषि पंपों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने पर क्या बोले CM फडणवीस?
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 7.5 अश्वशक्ति क्षमता तक के कृषि पंपों को दिन के समय निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही इन पंपों पर बकाया 48 हजार करोड़ रुपये के पुराने बिजली बिल भी माफ किए जाएंगे. उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि किसानों पर पुराने कर्ज और बकाया का बोझ पूरी तरह समाप्त हो, ताकि वे नए उत्साह के साथ अपने भविष्य की नई शुरुवात कर के नया इतिहास लिख सकें."
कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद?
कार्यक्रम में मौजूद किसानों के उत्साह और सहभागिता से यह स्पष्ट दिखाई दिया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में किसानों के लिए किए जा रहे कार्यों को लेकर किसान समाज में विश्वास और संतोष का वातावरण है. इस अवसर पर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अनिल बोंडे, विधायक रणधीर सावरकर, विधायक प्रवीण दरेकर मौजूद रहे.
इसके अलावा भाजपा प्रदेश महासचिव और विधायक संजय कुटे, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष और विधायक चित्रा वाघ, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष रामकृष्ण वेताल सहित अनेक विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.
जौहर यूनिवर्सिटी: सपा चीफ पर भड़के AIMIM नेता वारिस पठान, 'अगर किसी यादव का होता तो अखिलेश...'