BJP Mission UP Election: यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, विनोद तावड़े बोले- पूरी ताकत से उतरेगा NDA - Haribhoomi

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया कि एनडीए पूरी एकजुटता और ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के 'पीडीए' नारे पर तीखा सियासी हमला करते हुए इसे 'पराया धन अपना' करार दिया।

BJP state in-charge Vinod Tawde reached Lucknow (file photo)

लखनऊ पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े (file photo)

  • Published: 05 Sep 2026, 08:23 PM IST
  • Last Updated: 05 Sep 2026, 08:23 PM IST

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी के चुनावी संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एनडीए पूरी ताकत, एकजुटता और रणनीति के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगा।

​पीएम मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह का यूपी पर विशेष फोकस

प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का उत्तर प्रदेश पर विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में एनडीए के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से लड़ेंगे और एक बार फिर राज्य में प्रचंड बहुमत से विजय हासिल करेंगे। तावड़े ने भरोसा दिलाया कि आगामी जीत के बाद पार्टी अगले पांच वर्ष पूरी निष्ठा के साथ प्रदेश की जनता के विकास और सेवा के लिए समर्पित करेगी।

#WATCH | लखनऊ, उत्तर प्रदेश: भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे ने कहा, "...आने वाला उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव NDA के कार्यकर्ता ताकत से लड़कर जीतेंगे और फिर से अगले 5 साल उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा के लिए अपने आपको समर्पित करेंगे, इसके लिए हम सब वचनबद्ध हैं। समाजवादी… pic.twitter.com/0Zm22HVZ2l

— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 5, 2026

सपा के PDA पर हमला पराया धन अपना बनाने की नीति

विनोद तावड़े ने समाजवादी पार्टी के पीडीए पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक नारे पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा के पीडीए का वास्तविक अर्थ 'पराया धन अपना' है। तावड़े ने इस तंज को सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा से जोड़ते हुए कहा कि सपा शासनकाल में जमीन-जायदाद, रुपया-पैसा और यहां तक कि स्त्रीधन और महिलाओं की अस्मिता भी सुरक्षित नहीं थी। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और संपत्ति के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी चुनाव में जनता के बीच सपा सरकार की इन विफलताओं को मजबूती से रखा जाएगा।

​हवाई अड्डे और पार्टी मुख्यालय पर हुआ भव्य स्वागत

इससे पहले चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े के आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

​इसके उपरांत प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर विनोद तावड़े और पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व सह-प्रभारी जगदीश पटेल का भव्य अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रियंका सिंह रावत, रमेश सिंह, शंकर गिरि, प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, शिव भूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, रजनी पाण्डेय, राहुल बाल्मीकि, महामेधा नागर, यतेंद्र शर्मा, कार्यालय सचिव भारत दीक्षित, अतुल अवस्थी, चौधरी लक्ष्मण सिंह और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।