कैथल: बदबूदार गुलाब जामुन की शिकायत लेकर Blinkit सेंटर पहुंचा ग्राहक, बोला- आप खुद खाकर देख लो, पैसे वापस नहीं लूंगा, वीडियो वायरल - Haribhoomi
कैथल में ब्लिंकिट से मंगवाए गए गुलाब जामुन को खराब और बदबूदार होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ग्राहक ने ऑनलाइन फूड सेफ्टी को लेकर FSSAI (भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) में मामले की शिकायत करने की चेतावनी दी है।
कैथल में बदबूदार गुलाब जामुन भेजने पर ग्राहक पहुंचा Blinkit सेंटर।
- Published: 10 Sep 2026, 05:08 PM IST
- Last Updated: 10 Sep 2026, 05:08 PM IST
कैथल: कैथल में ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के सेंटर पर गुलाब जामुन को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। ग्राहक ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन ऑर्डर किए गए गुलाब जामुन खराब और बदबूदार थे। शिकायत के बाद जब वह सामान लेकर ब्लिंकिट सेंटर पहुंचा तो रिफंड को लेकर कर्मचारियों से उसकी बहस हो गई। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मां ने गुलाब जामुन खाते ही की उल्टी
कैथल की पुरानी सब्जी मंडी निवासी विशाल कुमार (28) ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद उन्होंने मुंह मीठा करने के लिए ब्लिंकिट ऐप से गुलाब जामुन ऑर्डर किए थे।
विशाल के मुताबिक, ऑर्डर आने के बाद उनकी मां ने एक गुलाब जामुन खाया। इसके बाद उन्हें उल्टी जैसा महसूस होने लगा। जब उन्होंने गुलाब जामुन को सूंघा तो उसमें से काफी गंदी बदबू आ रही थी। इसके बाद उन्होंने सामान बदलने या पैसे वापस करने के लिए शिकायत की।
डिलीवरी एजेंट ने रिफंड से किया इनकार
विशाल का आरोप है कि शिकायत करने पर डिलीवरी एजेंट ने रिफंड देने से मना कर दिया। कर्मचारी ने कहा कि डिब्बा खोला जा चुका है, इसलिए पैसे वापस नहीं किए जा सकते।
इसके बाद विशाल गुलाब जामुन का डिब्बा लेकर ढांड रोड स्थित ब्लिंकिट सेंटर पहुंच गए। यहां उन्होंने कर्मचारियों से शिकायत की और कहा कि यदि गुलाब जामुन सही हैं तो सेंटर में मौजूद कोई कर्मचारी इसे खाकर दिखा दे, इसके बाद वह रिफंड नहीं मांगेंगे।
कर्मचारियों से रिप्लेसमेंट को लेकर भी हुई बहस
वायरल वीडियो में विशाल कर्मचारियों से गुलाब जामुन की गुणवत्ता को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। कर्मचारी सामान रिप्लेस करने की बात कहते हैं, जबकि ग्राहक रिफंड की मांग करता है।
वीडियो में विशाल यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनकी खुद की चार दुकानें हैं और वह अपने ग्राहकों को कभी गलत सामान नहीं बेचते। उन्होंने मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की बात भी कही।
विशाल ने मैनेजर पर लगाया 'जो आपसे बनता है कर लो' कहने का आरोप
विशाल ने आरोप लगाया कि सेंटर पर मौजूद मैनेजर ने सामान बदलने से इनकार किया। उन्होंने मैनेजर से डिब्बे में से एक गुलाब जामुन खाने को कहा, लेकिन मैनेजर ने ऐसा नहीं किया।
विशाल का दावा है कि इस दौरान मैनेजर ने उनसे कहा- "जो आपसे बनता है, कर लो।" इसके बाद मामला और गरमा गया।
FSSAI में शिकायत करने की दी चेतावनी
विशाल ने कहा कि वह इस मामले की शिकायत FSSAI में करेंगे। उनका कहना है कि लोग बड़ी संख्या में ऑनलाइन खाना और अन्य खाद्य सामग्री मंगवाते हैं। यदि ऐसे मामलों में खराब सामान की शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो इससे ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं पर ग्राहकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है।
ब्लिंकिट मैनेजर ने आरोपों को किया खारिज
मामले में ब्लिंकिट के कैथल मैनेजर ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्होंने ग्राहक के साथ कोई बदतमीजी नहीं की और न ही ग्राहक से इस तरह की कोई बात कही कि "जो आपसे बनता है, कर लो।"
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।