BNMU में पूर्व संविदा स्टाफ का सुसाइड अटेम्प्ट: मधेपुरा में सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर रोका, FIR दर्ज कर भेजा जेल - Madhepura News

मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को एक पूर्व महिला संविदाकर्मी ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, विश्वविद्यालय परिसर में पहले से तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।

.

महिला को मौके पर ही रोक लिया गया, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

कुलपति और निजी सहायक पर गंभीर आरोप लगाए थे

घटना से एक दिन पहले महिला ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, भारत के मुख्य न्यायाधीश, केंद्रीय गृह मंत्री, बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति समेत देश और राज्य के कई संवैधानिक पदाधिकारियों को ई-मेल भेजकर न्याय की गुहार लगाई थी।

अपने पत्र में उसने बीएनएमयू के कुलपति प्रो. बीएस झा और उनके निजी सहायक राहुल रंजन पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का आरोप था कि पिछले दो वर्षों से दोनों ने शारीरिक शोषण के उद्देश्य से उसके साथ अनुचित व्यवहार (बैड टच) किया तथा विरोध करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

8 अप्रैल को संविदा सेवा समाप्त कर दी

महिला ने पत्र में यह भी दावा किया कि वह अत्यंत गरीब परिवार से आती है और परिवार की बड़ी बेटी होने के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर है। आरोपितों की बात नहीं मानने पर 8 अप्रैल 2026 को उसकी संविदा सेवा समाप्त कर दी गई।

उसने राज्यपाल, महिला आयोग, जिला प्रशासन सहित विभिन्न अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सौ दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में महिला ने यह आरोप भी लगाया कि कुलपति के निर्देश पर 60-70 असामाजिक तत्व उसके घर पहुंचे और उसके अपहरण का प्रयास किया।

सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची

इस संबंध में ग्वालपाड़ा थाना में आवेदन देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उसने लिखा कि कानून और प्रशासन से लगातार न्याय की उम्मीद रखने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली, जिसके कारण वह यह कदम उठाने को मजबूर हुई।

शुक्रवार सुबह करीब 10.40 बजे महिला पेट्रोल और माचिस लेकर विश्वविद्यालय परिसर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह आत्मदाह की तैयारी कर रही थी, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़कने से पहले ही उसे पकड़ लिया। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाना ले गई।

सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि महिला को आत्महत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।