BOB Apprentice Result 2026: अप्रेंटिस भर्ती के 5000 पदों का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक - Haribhoomi
बैंक ऑफ बड़ौदा ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 का परिणाम जारी किया, दस्तावेज सत्यापन, स्थानीय भाषा परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के बाद होगी अंतिम नियुक्ति।
BOB Apprentice Result 2026
- Published: 19 Jul 2026, 10:24 AM IST
- Last Updated: 19 Jul 2026, 10:24 AM IST
Bank of Baroda Apprentice Result 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सेलेक्ट लिस्ट में अपना BFSI SSC रोल नंबर चेक कर सकते हैं। हालांकि बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह चयन फिलहाल प्रोविजनल है और अंतिम नियुक्ति से पहले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, स्थानीय भाषा परीक्षण और मेडिकल जांच जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।
अब आगे क्या करना होगा?
बैंक ऑफ बड़ौदा ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 के तहत ऑनलाइन परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। जिन उम्मीदवारों का नाम चयन सूची में शामिल है, उन्हें अब अगले चरणों की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। बैंक की ओर से बताया गया है कि अंतिम नियुक्ति से पहले तीन महत्वपूर्ण चरण पूरे करना अनिवार्य होगा।
दस्तावेज सत्यापन के लिए क्या ले जाना होगा?
चयनित उम्मीदवारों को अपने आवंटित बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय में निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज, उनकी दो स्वप्रमाणित प्रतियां और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाना होगा।
जरूरी दस्तावेजों में शामिल हैं:
- जन्मतिथि प्रमाण पत्र
- शैक्षणिक प्रमाणपत्र एवं अंकसूची
- जाति प्रमाणपत्र/EWS प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
- PwD प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- आवेदन पत्र की प्रति
- NATS/NAPS पोर्टल आईडी का प्रिंटआउट
स्थानीय भाषा परीक्षा भी होगी
दस्तावेज सत्यापन के बाद उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का परीक्षण देना होगा। इस परीक्षा में पढ़ने, लिखने और बोलने की क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा।
हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने कक्षा 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा विषय के रूप में पढ़ी है और उसका प्रमाण प्रस्तुत कर देते हैं, उन्हें इस परीक्षा से छूट दी जाएगी।
मेडिकल टेस्ट होगा अंतिम चरण
भाषा परीक्षा के बाद उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। यह जांच बैंक द्वारा अधिकृत अस्पताल या मेडिकल सेंटर में होगी। मेडिकल जांच का पूरा खर्च उम्मीदवारों को स्वयं वहन करना होगा।
ईमेल पर मिलेगी आगे की जानकारी
बैंक ने बताया है कि चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया, रिपोर्टिंग तिथि और अन्य जरूरी निर्देश उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे। जिन उम्मीदवारों का चयन नहीं हुआ है, उन्हें अलग से कोई सूचना नहीं दी जाएगी।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने यह भी स्पष्ट किया है कि चयन सूची में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसे सुधारने का अधिकार बैंक के पास सुरक्षित रहेगा और इस संबंध में बैंक का निर्णय अंतिम माना जाएगा।