Bollywood supports CJP protest: छात्रों के सपोर्ट में उतरीं प्रीति जिंटा और सोनम बाजवा, बोलीं- 'युवाओं की आवाज़ सुनी जाए' - Haribhoomi
दिल्ली में चल रहे CJP छात्र आंदोलन को लेकर बॉलीवुड की कई हस्तियां अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं। अब प्रीति जिंटा और सोनम बाजवा ने भी छात्रों और सोनम वांगचुक के समर्थन में सरकार से बातचीत की अपील की है।
बॉलीवुड ने CJP प्रोटेस्ट का सपोर्ट
- Published: 21 Jul 2026, 10:16 PM IST
- Last Updated: 21 Jul 2026, 10:16 PM IST
Bollywood supports CJP protest: दिल्ली में CJP के चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर अब बॉलीवुड से लगातार समर्थन सामने आ रहा है। दिल्ली में हुए प्रदर्शन को देखते हुए अब अभिनेत्री प्रीति जिंटा और सोनम बाजवा ने भी छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रखी। दोनों अभिनेत्रियों ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों के साथ एकजुटता जताते हुए सरकार से संवाद और संवेदनशीलता की अपील की।
प्रीति जिंटा ने सरकार से की बातचीत शुरू करने की अपील
प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा- "मुझे उम्मीद है कि हमारी सरकार सोनम वांगचुक और छात्र संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करेगी ताकि उनकी सेहत और न बिगड़े! सोनम, कृपया अपना अनशन खत्म करें। आपकी सेहत भी उतनी ही जरूरी है जितनी कि यह लड़ाई। आप और छात्र भारत और हमारे युवाओं के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। हमारी शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने की इस लड़ाई में हर छात्र और सोनम को मेरा पूरा और अटूट समर्थन है। आप सभी को और हिम्मत मिले। जय हिंद।"
I hope our govt starts a meaningful dialogue with Sonam Wangchuk and the student bodies so his health does not deteriorate any further ! Please end your fast Sonam. Your health is as important as this fight. You and the students are fighting for the future of India and for our…
— Preity G Zinta (@realpreityzinta) July 21, 2026
सोनम बाजवा बोलीं- 'युवाओं की आवाज़ को सुना जाना चाहिए'
अभिनेत्री सोनम बाजवा ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए आंदोलन के दौरान सामने आई तस्वीरों और वीडियो पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि देश के युवा किसी तरह का खतरा नहीं हैं, बल्कि वे अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आवाज़ सुनने की जरूरत है, न कि उन्हें बल प्रयोग का सामना करना पड़े।
सोनम बाजवा ने अपने पोस्ट के साथ लिखा कि सोमवार को आंदोलन की जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उन्हें देखकर उनका दिल टूट गया। उन्होंने कहा कि यह समय किसी एक पक्ष का समर्थन करने का नहीं, बल्कि मानवता को प्राथमिकता देने का है।
क्या है पूरा मामला?
सोमवार को CJP की ओर से जंतर-मंतर से संसद तक मार्च का आह्वान किया गया था। बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी इसमें शामिल हुए। आंदोलन की प्रमुख मांगों में NEET परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग शामिल थी।
प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई थी। कई छात्र पुलिसकर्मियों को फूल देकर आगे बढ़ रहे थे, लेकिन जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
कई प्रदर्शनकारी हुए घायल
प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के घायल होने की खबरें सामने आईं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल दिखाई दिए। इन्हीं घटनाओं के बाद देशभर से कई कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां छात्रों के समर्थन में सामने आईं।
बॉलीवुड से लगातार मिल रहा समर्थन
प्रीति जिंटा और सोनम बाजवा से पहले भी कई फिल्मी हस्तियां इस आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। शबाना आजमी, प्रकाश राज, रितेश देशमुख, दिया मिर्जा, सोनू सूद, दिलजीत दोसांझ, यो यो हनी सिंह और सोनाक्षी सिन्हा सहित कई कलाकार सोशल मीडिया या प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्रों के प्रति अपना समर्थन जता चुके हैं।