गैस सिलेंडर के साथ घर आएगा राशन! BPCL की बड़ी तैयारी, ई-कॉमर्स और पेमेंट गेटवे में रखेगा कदम

गैस सिलेंडर के साथ घर आएगा राशन! BPCL की बड़ी तैयारी, ई-कॉमर्स और पेमेंट गेटवे में रखेगा कदम

BPCL ecommerce, payment gateway, grocery delivery आदि कई तरह की सर्विस शुरू करने जा रही है.Image Credit source: BPCL Website

सरकारी कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) अब LPG सिलेंडर के साथ-साथ आपके घर तक किराने का सामान भी पहुंचाएगी. फ्यूल के अलावा दूसरे सोर्स से कमाई बढ़ाने के लिए कंपनी अपने ई-कॉमर्स कारोबार को आगे बढ़ा रही है. वह अपने फ्यूल स्टेशनों और LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के बड़े नेटवर्क का इस्तेमाल करके Zepto और Blinkit जैसी कंपनियों को टक्कर देने की योजना पर काम कर रही है. साथ ही, वह अपने रिटेल आउटलेट्स पर डिजिटल ट्रांजैक्शन को संभालने के लिए अपना पेमेंट गेटवे लॉन्च करने की भी तैयारी कर रही है. BPCL की योजना अपने ‘Hello BPCL’ ऐप में पेमेंट सिस्टम को जोड़ने की है, ताकि कस्टमर फ्यूल स्टेशनों पर ट्रांजैक्शन करते समय सीधे कंपनी के प्लेटफॉर्म के जरिए पेमेंट कर सकें.

ई-कॉमर्स में उतरने का फैसला

इस मामले की जानकारी रखने वाले इंडस्ट्री के एक सीनियर अधिकारी ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि BPCL का कस्टमर बेस बहुत बड़ा है और उसे लगता है कि वह कुछ सेक्टर्स में मार्केट पर कब्जा कर सकती है. इसलिए, उसने अपने मौजूदा रिटेल नेटवर्क के जरिए ई-कॉमर्स में उतरने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि BPCL का मकसद एक अलग तरह का रिटेल इकोसिस्टम बनाकर अपने नॉन-फ्यूल बिजनेस को मजबूत करना है. वैसे BPCL की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप को ‘डार्क स्टोर’ में बदल रही कंपनी

पिछले फाइनेंशियल ईयर में, कंपनी ने अपने रिटेल आउटलेट्स को मोबिलिटी और लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन में बदलने के लिए अपने कैफे फॉर्मेट, कन्वीनिएंस रिटेल, कस्टमर सुविधाओं और लॉयल्टी प्रोग्राम को अपग्रेड किया. इंडस्ट्री के एक अधिकारी ने कहा कि BPCL पेट्रोल पंपों पर अपने In&Out रिटेल स्टोर के जरिए कस्टमर्स को सर्विस देगी और अपनी LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप को ‘डार्क स्टोर’ में बदल रही है. उन्होंने आगे कहा कि चुनिंदा LPG डीलरशिप का इस्तेमाल फुलफिलमेंट पॉइंट के तौर पर किया जा रहा है, जहां घर की जरूरी चीजें, किराने का सामान, FMCG प्रोडक्ट और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स का स्टॉक रखा जा रहा है.

शुरू किया है पायलट प्रोजेक्ट

ग्राहक BPCL के ऐप के जरिए प्रोडक्ट ऑर्डर कर सकते हैं और उन्हें अपने LPG सिलेंडर के साथ डिलीवर करवा सकते हैं. कंपनी महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट चला रही है. कहा जा रहा है कि पायलट प्रोजेक्ट के नतीजे अच्छे रहे हैं, लेकिन उम्मीद के मुताबिक वॉल्यूम अभी तक हासिल नहीं हुआ है, क्योंकि BPCL को पहले से मौजूद क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से कड़ी टक्कर मिल रही है. इंडस्ट्री के अधिकारी ने कहा कि यह अच्छा है, लेकिन 100 फीसदी सफल नहीं है. जितनी वॉल्यूम की उम्मीद थी, उतनी अभी तक नहीं मिली है. यह तो बस शुरुआत है.ंग

सौरभ शर्मा

सौरभ शर्मा

15 साल से शेयर मार्केट, इकोनॉमी और कमोडिटी कवर कर रहे हैं. टीवी9 के साथ जुड़ने से पहले डीएनए, ए​शियानेट, जनसत्ता और राजस्थान पत्रिका जैसे कई बड़े संस्थानों के साथ भी जुड़े रहे.

Read More

google button