Breaking News Live Update 2 August: केरल-कर्नाटक में 11 की मौत, 8 लापता, किश्तवाड़ में बादल फटा, बद्रीनाथ हाईवे धंसा

Breaking News Live Update 2 August: देश-विदेश में आज 2 अगस्त की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 2 अगस्त की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।

  • Aug 02, 2026 15:48 IST

    केरल-कर्नाटक में 11 की मौत, 8 लापता

    WhatsApp Image

    देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। केरल और कर्नाटक में बारिश और लैंडस्लाइड से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और सड़कें धंसने की घटनाएं सामने आई हैं।

    केरल में 8 की मौत, 209 राहत शिविर बनाए गए

    केरल में भारी बारिश के चलते बाढ़ और लैंडस्लाइड से 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 8 लोग लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 209 राहत शिविर बनाए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

    कर्नाटक में लैंडस्लाइड, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

    कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और 3 वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। हादसे के समय तीनों पहाड़ी के पास स्थित अपने घर में सो रहे थे।

    किश्तवाड़ में बादल फटा, कई घरों में घुसा पानी

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छतरू क्षेत्र में शनिवार को बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ आ गई। कई मकानों और दुकानों में पानी घुस गया, दो कारें बह गईं और सड़कों पर मलबा जमा हो गया। एहतियात के तौर पर किश्तवाड़, डोडा और रामबन जिलों के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

    उत्तराखंड में बद्रीनाथ हाईवे धंसा

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर भूस्खलन हुआ है। वहीं चमोली जिले के गौचर के पास कमेड़ा क्षेत्र में बद्रीनाथ हाईवे का करीब 20 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात फिलहाल वन-वे कर दिया गया है। मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई है तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। 

  • Aug 02, 2026 12:10 IST

    E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हमला

    WhatsApp Image

    आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E20 (20% इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और इंजन समेत कई महत्वपूर्ण पार्ट्स प्रभावित हो रहे हैं। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित 'नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20' कार्यक्रम में केजरीवाल ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर एक मोटर मैकेनिक को बुलाया, जिसने कार्बोरेटर और फ्यूल पंप की मदद से समझाया कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन पुराने वाहनों के कुछ पुर्जों पर किस तरह असर डाल सकता है।

    केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की E20 नीति से आम वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उनका कहना था कि यदि वाहन इस ईंधन के अनुरूप डिजाइन नहीं किए गए हैं, तो उनके इंजन और फ्यूल सिस्टम के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार का कहना है कि E20 ईंधन का उद्देश्य पेट्रोल पर निर्भरता कम करना, प्रदूषण में कमी लाना और इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देना है। सरकार का दावा है कि E20-समर्थित वाहनों में इस ईंधन के उपयोग से कोई तकनीकी समस्या नहीं होगी। 

  • Aug 02, 2026 09:58 IST

    रूस की राजधानी मॉस्को के कैफे में धमाका, 3 की मौत, 21 घायल

    रूस की राजधानी मॉस्को में एक कैफे के बाहर जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक महिला IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लेकर रेस्टोरेंट पहुंची थी। सिक्योरिटी गार्ड ने उसे गेट पर रोकने की कोशिश की, तभी प्रवेश द्वार पर विस्फोट हो गया। घटना के बाद इलाके को घेर लिया गया है और रूसी सुरक्षा एजेंसियां धमाके के कारणों और साजिश की जांच में जुट गई हैं। 

  • Aug 02, 2026 08:47 IST

    ट्रम्प ने ईरान पर हमला फिलहाल टाला

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया गया है। उनके अनुसार, ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि अमेरिका ईरान पर बड़े सैन्य हमले के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन बातचीत के बाद हालात बदल गए। उन्होंने कहा कि समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनी है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) को तुरंत खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल है। ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि इस फैसले पर इजराइल भी अमेरिका के साथ है। इससे पहले Axios की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस Mohammed bin Salman ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत कर ईरान पर संभावित बड़े हमले को टालने और संयम बरतने की अपील की थी।  

लेखक