BRICS Summit Delhi Holiday: 11 सितंबर को नई दिल्ली के केंद्र सरकार कार्यालयों में छुट्टी; ब्रिक्स सम्मेलन के चलते DoPT का फैसला - Haribhoomi
नई दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स (BRICS) लीडर्स समिट के मद्देनजर केंद्र सरकार ने 11 सितंबर को दिल्ली स्थित अपने सभी कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा की है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा और लॉजिस्टिक सलाह के बाद यह आदेश जारी किया।
इस वर्ष भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' रखा गया है।
- Published: 03 Sep 2026, 05:08 PM IST
- Last Updated: 03 Sep 2026, 05:08 PM IST
भारत की मेजबानी में राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक 18वां ब्रिक्स (BRICS) लीडर्स समिट आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य और हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय आयोजन की सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को सप्ताहांत होने के कारण दफ्तर बंद रहेंगे।
विदेशों से पहुंचेंगे दर्जनों देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधि
इस समिट में ब्रिक्स सदस्य देशों- भारत, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शीर्ष नेता शामिल होंगे। इनके अलावा बेलारूस, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम समेत 10 सहयोगी देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी नई दिल्ली पहुंचेंगे।
विदेशी मेहमानों के ठहराव के लिए ताज मानसिंह, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक, लीला और शांगरी-ला जैसे प्रमुख होटलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
'मानवता सर्वोपरि' और नवाचार पर केंद्रित होगी समिट की थीम
इस वर्ष भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का मुख्य विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' रखा गया है। यह थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण और 'मानवता सर्वोपरि' की भावना को दर्शाती है।
समिट के दौरान ब्रिक्स बिजनेस फोरम और लीडर्स समिट में आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ वैश्विक व क्षेत्रीय शांति और आर्थिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और वीवीआईपी की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कड़े सुरक्षा घेरे की व्यवस्था की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता की सहूलियत और आवाजाही के सुचारू संचालन के लिए पहले से ही एडवाइजरी जारी कर दी है, ताकि आम यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।