BSP Sultanpur Candidate 2027: यूपी चुनाव 2027 के लिए बसपा का बड़ा दांव, सुल्तानपुर सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो बने प्रत्याशी - Haribhoomi
बहुजन समाज पार्टी बसपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए सुल्तानपुर विधानसभा सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो को अपना प्रभारी व अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
यूपी चुनाव 2027 के लिए बसपा ने सुल्तानपुर सीट से इम्तियाज अहमद भुट्टो को प्रत्याशी बनाया (फाइल फोटो)
- Published: 21 Sep 2026, 06:34 PM IST
- Last Updated: 21 Sep 2026, 06:34 PM IST
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी बसपा ने समय से पहले प्रत्याशियों की घोषणा का सिलसिला शुरू कर दिया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सोमवार को सुल्तानपुर शहर के तिकोनिया पार्क में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इम्तियाज अहमद भुट्टो को सुल्तानपुर विधानसभा सीट से प्रभारी व अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले सुल्तानपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने अंबेडकर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
आज दिनांक 21-09-2026 को आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी के निर्देशानुसार जनपद सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में बहुजन समाज पार्टी द्वारा एक अति महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें विधानसभा सुल्तानपुर से प्रभारी/प्रत्याशी के रूप में इम्तियाज अहमद भुट्टो जी को घोषित किया… pic.twitter.com/oLl6xW2jKL
— Vishwanath Pal (@PalVishwnathbsp) September 21, 2026
अखिलेश के पीडीए को बताया 'धोखा'
प्रेस वार्ता के दौरान बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के 'पीडीए' पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक के नारे पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए महज एक चुनावी धोखा है। छात्रों और बच्चों को नीला रंग पहनाकर सपा केवल दिखावा कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि सपा सरकार के दौरान बाबा साहब के नाम पर बने 'भीम नगर' जिले का नाम बदलकर संभल कर दिया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग बाबा साहब का नाम तक हजम नहीं कर पाते, वे सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए उनकी तस्वीरें लगा रहे हैं।
2007 की तर्ज पर जनता से होगा गठबंधन
ओपी राजभर के यूपी को चार हिस्सों में बांटने वाले बयान पर पलटवार करते हुए पाल ने कहा कि ये लोग केवल जुमलेबाजी करते हैं। नए जिलों और मंडलों का निर्माण सिर्फ बहन मायावती ने करके दिखाया, जिन्होंने सुल्तानपुर से अलग कर छत्रपति शाहू जी महाराज नगर बनाया था और बस्ती व देवीपाटन जैसे मंडल गठित किए थे। गठबंधन के सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और सपा-कांग्रेस दर्जनों दलों की बैसाखी पर चल रही हैं, जबकि बसपा वर्ष 2007 की तर्ज पर सीधे जनता के साथ गठबंधन कर अपने दम पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
अन्य सीटों पर भी जल्द होंगे नाम तय
विश्वनाथ पाल ने बताया कि सुल्तानपुर जनपद में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। लंभुआ और सदर विधानसभा सीटों पर पहले ही उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं और अब सुल्तानपुर सीट पर इम्तियाज अहमद भुट्टो के नाम का ऐलान हुआ है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि जिले की शेष बची इसौली और कादीपुर विधानसभा सीटों पर भी पार्टी नेतृत्व बहुत जल्द अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगा।