Bundi News: आसमान से आफत बनकर बरसा पानी, डेढ़ घंटे की बारिश ने किया हाल बेहाल, तेज बहाव में बहीं गाड़ियां

मौसम विभाग की ओर से सोमवार को बूंदी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। चेतावनी के अनुरूप दोपहर बाद बूंदी शहर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सबसे खराब हालात नागदी बाजार में देखने को मिले, जहां देखते ही देखते सड़कें पानी में डूब गईं और बाजार में सैलाब जैसे हालात बन गए। पानी का बहाव इतना तेज था कि कई वाहन इसमें फंस गए। वहीं करीब आधा दर्जन वाहनों के तेज बहाव में बहने की जानकारी भी सामने आई है। सामने आए वीडियो में बाइक पानी के तेज बहाव में बहती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है।



देखते ही देखते पानी में डूबा बाजार


अचानक तेज बारिश शुरू होते ही नागदी बाजार में पानी भरना शुरू हो गया। कुछ ही देर में सड़क पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वाहन चालकों को सड़क पार करने में परेशानी हुई। कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए, जबकि कुछ बाइक्स तेज बहाव में बह गईं। कई वाहनों में पानी भरने से वे बीच सड़क पर ही बंद हो गए। बारिश के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश करते नजर आए। दुकानदार भी दुकानों से सामान निकालकर ऊंचे स्थानों पर रखने में जुट गए। हालांकि पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई दुकानदारों को सामान बचाने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका और कई दुकानों में पानी भरने से सामान भीग गया।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: CG: 'पुलिस की रेड पड़ी है, गहने उतार लो'; कोरबा में रिटायर्ड कर्मचारी से नकली पुलिस ने ठगे सोने के गहने

विज्ञापन



स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि तेज बारिश के दौरान हर बार नागदी बाजार में इसी तरह के हालात बनते हैं। बारिश के पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जमा पानी दुकानों तक पहुंच जाता है। इस बार भी हालात बेहद खराब हो गए।



नवल सागर से बढ़ी पानी की आवक


लगातार बारिश के कारण नवल सागर झील और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की आवक बढ़ने का असर भी नागदी बाजार में देखने को मिला। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के चलते नालों, झरनों और प्राकृतिक जल निकासी मार्गों में पानी का स्तर बढ़ गया। इसके चलते नागदी बाजार की ओर पानी का दबाव बढ़ा और सड़क पर बहाव तेज हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों से पानी तेजी से बाजार की ओर आता है। पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ ही समय में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं।



डेढ़ घंटे तक जारी रहा बारिश का दौर


तेज बारिश का दौर करीब डेढ़ घंटे तक जारी रहा। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश रुकने के बाद भी काफी देर तक बाजारों में पानी जमा रहा। दुकानदारों ने प्रशासन से नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रभावी योजना तैयार करने की मांग की है।



सोमवार की बारिश ने एक बार फिर बूंदी में जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। करीब डेढ़ घंटे की बारिश में जिस तरह बाजार में सैलाब जैसे हालात बने, उससे साफ है कि सामान्य से अधिक बारिश होते ही शहर के निचले इलाकों और बाजारों में जलभराव बड़ी चुनौती बन जाता है।