Bunty Yadav Murder: आरोपी BC का 'एनकाउंटर' या ड्रामा? बैकफुट पर बिहार सरकार, बंटी हत्याकांड में उठे 5 सवाल

Time Updated: Thursday, July 16, 2026, 16:57 [IST]

Bunty Yadav Murder Case: बिहार की राजधानी को दहला देने वाले पटना के बंटी यादव मर्डर केस में आज उस समय एक नया मोड़ आ गया, जब पुलिस ने मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ बीसी को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पटना के चर्चित बांसघाट के पास हुई, इस पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पीएमसीएच (PMCH) भेजा दिया गया। लेकिन पुलिस के इस 'जेम्स बॉन्ड एक्शन' ने राज्य प्रशासन की साख को मजबूत करने के बजाय, एनकाउंटर के असली 'इंटेंट' और पुलिसिया थ्योरी पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

'पटना जंक्शन' सबसे व्यस्त इलाका माना जाता है। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे, चारों तरफ जीआरपी और पुलिस का पहरा। लेकिन उसी भीड़ के बीच से एक युवक का खुलेआम अपहरण कर लिया जाता है और कुछ दिनों बाद उसकी क्षत-विक्षत लाश मिलती है। चर्चित बंटी यादव मर्डर केस के मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ बीसी के पुलिस मुठभेड़ (हाफ एनकाउंटर) में घायल होने के बाद भले ही पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार के प्रशासनिक तंत्र, कानून-व्यवस्था और 10 साल पुरानी शराबबंदी की पोल खोलकर रख दी है।

bunty-yadav-murder-case

Who Was Bunty Yadav Case: बंटी यादव कौन, क्या है पूरा मामला?

सरकारी रिकार्ड और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बंटी यादव पटना के न्यू करबिगहिया इलाके का रहने वाला था। करबिगहिया की भौगोलिक स्थिति अगर, आप नहीं जानते हैं तो बता दें कि बिहार की राजधानी पटना के रेलवे स्टेशन पटना जंक्शन के दो प्रवेश द्वार हैं, उत्तर दिशा में प्रसिद्ध महावीर मंदिर की तरफ से और दक्षिण में करबिगहिया की तरफ से। करबिगहिया मतलब राजधानी का भीड़-भार वाला इलाका। यहीं बंटी यादव अपने परिवार के साथ रहता था। उसके चरित्र के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। कम से कम पुलिस रिकार्ड में तो वह अपराधी नहीं था।

Bunty Yadav Murder Timeline: बंटी के अपहरण से बीसी की गिरफ्तारी तक

6 जुलाई को रात के वक्त पटना जंक्शन के टाटा पार्क/दूध मंडी के पास कुछ लोग बंटी यादव को भीड़-भार वाले पटना जंक्शन से जबर्दस्ती खींच कर गाड़ी में चढ़ा लेते हैं। पटना जंक्शन जहां अनगिनत सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, बेखौफ अपहरणकर्ताओं ने चेहरा ढ़कने की भी कोशिश नहीं की। पटना जंक्शन पर जीआरपी की सुरक्षा रहती है, कोई भी आगे नहीं आया। अपराधी बंटी को गाड़ी में बिठाकर चलते बने। घरवालों ने तुरत पुलिस में शिकायत दर्ज़ कराई, सीसीटीवी फुटेज में अपहरणकर्ताओं के चेहरे पहचाने गए लेकिन पुलिस की जांच अपनी गति से चलती रही।

11 जुलाई को पटना से बाहर अथमलगोला में एक क्षत-विक्षत लाश बरामद हुई। लाश की शिनाख्त बंटी यादव के तौर पर हुई। लाश पर टॉर्चर के गहरे निशान मौजूद थे। बंटी यादव के लाश की बरामदगी के बाद राज्य भर में सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे। पुलिस हरकत में आई कुछ गिरफ्तारियां हुई, कुछ ससपेंशन हुए, और 16 जुलाई को बांसघाट के पास मुख्य बंटी के नाम से कुख्यात अभियुक्त रवीश कुमार की पुलिस से मुठभेड़ हो गई जिसमें वह घायल होने के बाद गिरफ्तार हुआ। और यहां से राज्य-प्रशासन पर सवालों का घेरा और कसने लगा।

bunty-yadav-murder-case

राज्य-प्रशासन पर उठ रहे 5 सवाल

पहला सवाल-पुलिस सुस्ती: बंटी यादव के हत्यारों को पकड़ने में पुलिस इतनी सुस्त क्यों रही? पटना जंक्शन के दूध-मंडी के पास जहां से बंटी का अपहरण किया गया, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर पटना पुलिस की डायल 112 गाड़ी तैनात थी। सवाल यह है कि भीड़ के बीच से किडनैपिंग हुई, जबरन बंटी को गाड़ी में बिठाया गया, खींचा-तानी हुई, हो हल्ला भी हुआ, लेकिन पुलिस को कोई भनक ही नहीं लगी?

दूसरा सवाल-जांच में देरी: बंटी के अपहरण के तुरंत बाद परिजनों ने अविलंब शिकायत की, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध अपहर्ताओं की जानकारी होने के बावजूद पुलिस आखिर किस बात का इंतजार करती रही? अपहरण में शामिल लोगों के चेहरे उजागर होने और गाड़ी की पहचान के बावजूद 5 दिनों तक पुलिस को बंटी का कोई सुराग तक नहीं मिला। क्या पुलिस बंटी को बचाना भी चाहती थी या सिर्फ कार्रवाई की खानापूर्ति हो रही थी? वैसे यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पटना पुलिस की शिथिलता पर प्रश्नचिह्न लगे हों। हालांकि, इस घटना के बाद लापरवाही के आरोप में सिटी एसपी ने कोतवाली थाने के तीन सब-इंस्पेक्टर और एक होमगार्ड जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, लेकिन क्या इस से पुलिस की लापरवाही पर सवाल खत्म हो जाएगा?

तीसरा सवाल-हत्या का कारण 'सेक्स-रैकेट': अपहरण के बाद बंटी यादव की हत्या क्यों हुई? परिजनों के अनुसार बंटी ने पटना जंक्शन के आस-पास धड़ल्ले से चल रहे देह व्यापार के खिलाफ आवाज उठाई थी। उसके अपहरण में सेक्स-रैकेट माफिया का हाथ बताया गया। परिजनों के दावे में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय हो सकता है। लेकिन अगर कोई भी व्यक्ति, जो रात में पटना जंक्शन आता-जाता हो वह आराम से बता सकता है कि आखिर जंक्शन के पास चल क्या रहा है। सरकार भी इससे अनजान नहीं है। कई बार इन पर कार्रवाई भी हुई। कार्रवाई मतलब कोई ठोस कार्रवाई नहीं, केवल पुलिसिया डंडा। जब महावीर मंदिर साइड डंडा चला तो करबिगहिया, और जब करबिगहिया साइड डंडा चला तो महावीर मंदिर साइड। सवाल यह उठता है कि पटना पुलिस और जीआरपी के नाक के नीचे यह अवैध देह-व्यापार सालों से कैसे चल रहा है? यह एक आइसोलेटेड घटना नहीं है, बल्कि पूरा-पूरा संगठित गिरोह है।

याद रहे कि पिछले दिनों दैनिक भास्कर की एक महिला पत्रकार ने बिहार में चल रहे संगठित देह-व्यापार और ह्युमन-ट्रैफिकिंग गिरोह का पर्दाफाश किया था। अंडरकवर महिला पत्रकार 14 दिनों तक उस गिरोह के अंदर घुसकर सबूत जुटाती रही थी। लोग जिस समय में मीडिया की कार्यशैली पर सवाल उठाते हैं, वहां उस महिला पत्रकार के समर्पण और हिम्मत की की प्रशंसा देश-विदेश में हुई लेकिन बिहार सरकार और पुलिस ने उन गिरोहों पर क्या कार्रवाई की यह अब भी रहस्य ही है। सवाल एक बार फिर उठ रहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में संगठित देह व्यापार को रोकने में इतनी लाचार क्यों नज़र आती है?

चौथा सवाल-शराबबंदी की पोल: पुलिस का अपना पक्ष। पटना पुलिस ने बंटी अपहरण कांड के पीछे परिजनों द्वारा बताए जा रहे अवैध देह-व्यापार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण को खारिज करते हुए अपहरण और हत्या की वजह अवैध शराब कारोबार में मुनाफे के बंटवारे को बताया है। पुलिस का कहना है कि बंटी यादव और रवीश कुमार उर्फ बीसी अवैध शराब के कारोबार में शामिल थे। इनकी एक और पार्टनर है मोनी किन्नर। पुलिस के अनुसार, बीसी और मोनी किन्नर उत्तर प्रदेश से शराब की तस्करी कर बिहार लाती थी और बंटी और बीसी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इसे चोरी-छुपे बेचते थे। इसी शराब से होने वाले मुनाफे को लेकर बंटी की बीसी से लड़ाई हो गई, जिसके बाद बीसी ने बंटी का अपहरण करवाया, मार-पीट की और आखिरकार हत्या कर लाश को अथमलगोला के एक खेत में फेंक दिया।

यह सवाल सबसे बड़ा है। बिहार में साल 1 अप्रैल 2016 से ही शराबबंदी लागू है। दस साल से अधिक बीत जाने के बावजूद सरकार कोई ऐसा सिस्टम डिवेलप नहीं कर पाई जो इस शराबबंदी को सही अर्थों में लागू कर सके? मोनी किन्नर कैसे बेरोक-टोक उत्तर प्रदेश से शराब की खेप लाती थी? कहाँ उसका भंडारण होता था? कैसे यह लोगों को बेची जाती थी? क्या सरकार और पुलिस इससे बिल्कुल अनजान थी? और यदि सरकार और पुलिस को राज्य की सीमा और राज्य की राजधानी में चल रहे इस शराब-बिक्री गिरोह की भनक तक भी नहीं थी तो आखिर यह फेल्योर किसका है?

पांचवा सवाल- राज्य की साख: आखिरी सवाल नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शासन व्यवस्था पर है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में जिस प्रकार आपराधिक घटनाएं सर उठाने लगी है उससे लोगों को एक बार फिर से बिहार में जंगलराज की आहट आने लगी है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और निर्दलिय सांसद पप्पु यादव भी बिहार की लचर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं। नब्बे के दशक में संस्थागत अपराधों के कारण बिहार को अपहरण-उद्योग का केंद्र तक कहा जाने लगा था। अपराधों के उस दौर में राज्य से लगातार लोग, व्यापार और प्रतिभा का पलायन हुआ। बाद में नीतीश कुमार के नेतृत्त्व में बनी एनडीए सरकार की दृढ इच्छाशक्ति की बदौलत अपराध पर अंकुश लगाया गया। लेकिन आए दिन ऐसे बारदात होने से लोगों का भरोसा डगमगाने लगा है। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर सरकार की ईच्छाशक्ति और प्रदर्शन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

बहरहाल बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस की अब तक की कार्रवाई से निराश परिजन आज यानी कि 16 जुलाई से पटना के न्यू करबिगहिया में आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। खबर लिखे जाने तक इस केस में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य अभियुक्त रवीश कुमार उर्फ बीसी के अतिरिक्त रोहित कुमार, रौशन कुमार, अजित सहनी और शंकर की गिरफ्तारी की गई है जबकि नामजद आरोपी मोनी किन्नार, सूरज, सोनू, रवि और बजरंगी अभी तक फरार बताए गए हैं।

एनकाउंटर संस्कृति बनाम कानून का राज

16 जुलाई को सुबह हुए एनकाउंटर से पुलिस अपनी पीठ जरूर थपथपा रही होगी। भरत भूषण तिवारी के फेक एनकाउंटर का मामला अभी तक गर्म नही होता तो क्या पता ये हाफ एनकाउंटर भी फुल हो जाता। देश भर में एनकाउंटर संस्कृति तेजी से बढ़ रही है। न्यायपालिका की लेटलतीफी और मुकदमों के सालों-साल खिंचने से तंग आ चुकी जनता भले ही पुलिसिया एनकाउंटर पर तालियां बजाती हो,लेकिन लोकतंत्र के लिए यह एक खतरनाक प्रवृत्ति है। अपराधी और अपराध का खात्मा हर हाल में होना चाहिए, लेकिन वह देश के संविधान और कानून के दायरे में होना चाहिए।

पटना का बंटी यादव हत्याकांड सिर्फ एक मर्डर केस नहीं है, बल्कि यह बिहार की राजधानी में समानांतर रूप से चल रहे शराब और जिस्मफरोशी के उस अंडरवर्ल्ड का जीता-जागता प्रमाण है, जिसे खत्म करने की दृढ़ इच्छाशक्ति शायद मौजूदा तंत्र के पास नहीं है। जब तक इस सिंडिकेट के असली आका बेनकाब नहीं होते, तब तक एक अपराधी के पैर में गोली मार देने से सवाल खत्म नहीं होंगे। इन दिनों देश भर में हो रहे एनकाउंट पर यह सवाल तो जरूर उठता है कि ये एनकाउंटर न्याय के लिए हैं, आत्मरक्षा के लिए, दिखाने के लिए या कुछ छुपाने के लिए।