Canada Super 60: युवराज सिंह की लीग में जहीर खान ने खरीदी टीम, मैदान के बाद अब बिजनेस में धमाल मचाएगी ये जोड़ी

जहीर खान ने खरीदी नई टीम. (फोटो- GETTY)
Canada Super 60: भारतीय क्रिकेट इतिहास के दो सबसे बड़े मैच-विनर युवराज सिंह और जहीर खान एक बार फिर एक साथ आ गए हैं. इस बार दोनों दिग्गज 22 गज की पट्टी पर नहीं, बल्कि क्रिकेट के विस्तार और टीम ओनरशिप के नए रोल में साथ नजर आएंगे. कनाडा सुपर 60 लीग के दूसरे सीजन से पहले पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान वैंकूवर एंकर्स फ्रेंचाइजी के को-ओनर बन गए हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी लीग के को-ओनर युवराज सिंह हैं. ऐसे में भारतीय क्रिकेट की यह मशहूर जोड़ी अब कनाडा में क्रिकेट के नए युग की नींव रखती दिखाई देगी.
वैंकूवर एंकर्स के साथ जहीर खान की नई पारी
जहीर खान ने स्टॉकहोम स्थित एंकर स्पोर्ट्स एबी और भारतीय मूल के उद्यमी नागेंद्र ‘नागा’ सिद्दौतम के साथ मिलकर पार्टनरशिप की है. यह ओनरशिप ग्रुप वैंकूवर एंकर्स की पुरुष और महिला दोनों टीमों का संचालन करेगा. वहीं, जहीर खान का अनुभव फ्रेंचाइजी के हाई-परफॉर्मेंस सेटअप, टीम कल्चर और युवा खिलाड़ियों के डेवलपमेंट में अहम भूमिका निभाएगा.
अपनी नई भूमिका पर जहीर खान ने कहा, ‘कनाडा सुपर 60 एक वर्ल्ड-क्लास टूर्नामेंट है, जो दुनिया के सबसे बेस्ट वेन्यू बीसी प्लेस पर खेला जा रहा है. मेरे पुराने साथी और दोस्त युवराज का इस लीग का को-ओनर होना मुझे इसके भविष्य पर पूरा भरोसा देता है. अब क्रिकेट को एसोसिएट देशों और महिला वर्ग में बड़े पैमाने पर ले जाने का वक्त है.’ वहीं, युवराज सिंह ने जहीर की एंट्री पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘मैं अपने सबसे करीबी दोस्त और साथी जहीर खान का कनाडा सुपर 60 परिवार में स्वागत करते हुए काफी रोमांचित हूं. जैक और मैंने अपने करियर के सबसे यादगार पल एक साथ शेयर किए हैं. जहीर के आने से लीग में जबरदस्त ऊर्जा और अनुभव जुड़ेगा.’
29 सितंबर से शुरू होगा रोमांच
कनाडा सुपर 60 का दूसरा सीजन 29 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के बीच वैंकूवर के इनडोर स्टेडियम बीसी प्लेस में आयोजित किया जाएगा. इस टूर्नामेंट में कुल 6 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. छह दिनों के दौरान पुरुष और महिला कैटेगरी को मिलाकर कुल 24 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More