CG Conversion Case: रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर हंगामा, तीन महिलाओं पर प्रलोभन देने का आरोप, दोनों पक्षों की FIR दर्ज

CG Conversion Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर शनिवार रात जमकर हंगामा हुआ। गांधी चौक न्यू आनंद नगर निवासी 32 वर्षीय तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के तहत रायपुर कमिश्नरेट में यह पहली FIR है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और पूरे मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मोबाइल दुकान पर होती थी महिलाओं की आवाजाही

जानकारी के मुताबिक, तरेन्द्र कुमार वर्मा न्यू आनंद नगर में मोबाइल की दुकान चलाता है। उसकी पहचान सुषमा कौशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे से पहले से थी। तीनों महिलाओं का तरेन्द्र की मोबाइल दुकान पर आना-जाना भी था।

तरेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि तीनों महिलाओं ने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं और उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, महिलाओं ने उसे यीशु की प्रार्थना करने से दुख-दर्द और बीमारी दूर होने की बात भी बताई।

यह भी पढ़ें: Reservation Controversy : आरक्षण सुधार आंदोलन पर मायावती की पहली प्रतिक्रिया, बोलीं- आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग देशहित में नहीं

प्रार्थना सभा में बुलाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, सुषमा कौशिक ने तरेन्द्र को अपने घर में होने वाली प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए बुलाया था। तरेन्द्र का कहना है कि वह 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे सुषमा के घर के पास पहुंचा था।

उसके मुताबिक, वहां पहले से कई लोग प्रार्थना कर रहे थे। इसके बाद सुषमा उसे अंदर लेकर गई, जहां करीब 20 से 25 लोग प्रार्थना कर रहे थे। तरेन्द्र ने आरोप लगाया कि सुषमा, लक्ष्मी और सुरेखा ने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना की शक्तियों के बारे में जानकारी दी।

घटना के बाद तरेन्द्र ने अपने दोस्तों को पूरी बात बताई। इसके बाद मामले को लेकर हिंदू संगठनों के लोग पुलिस थाने पहुंचे और तीनों महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें: MP में IGNOU के डिप्लोमा होल्डर्स को हाईकोर्ट से बड़ी राहत: कोर्ट- D.Ed और D.El.Ed के समकक्ष DPI, सीधी नियुक्ति और प्रमोशन मिलेगा

थाने में दोनों पक्ष आमने-सामने

तीनों महिलाओं के खिलाफ FIR कराने के लिए हिंदू संगठन के लोग खमतराई थाने पहुंचे थे। इसी दौरान मसीही समाज के लोग भी विरोध में थाने पहुंच गए। इसके बाद थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

बताया गया कि देर रात तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को संभाला और दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें: UP Free Bus Travel: रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा, यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त सफर, एक साथी भी साथ जा सकेगा

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि प्रार्थना सभा में क्या हुआ था और धर्म परिवर्तन के लिए किसी तरह का प्रलोभन या दबाव दिया गया था या नहीं।

फिलहाल पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों के बयान लेने और उपलब्ध जानकारी की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ होगी।

यह भी पढ़ें: Breaking News Live Update 22 August: मुंबई में 22 फीट की गणेश प्रतिमा गिरी, 2 लोगों की मौत, 5 घायल