किशनगंज CHC विवाद में डॉ.अखलाकुर्रहमान आरोपमुक्त: महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने मानसिक प्रताड़ना-अनुचित व्यवहार के लगाए थे आरोप - Kishanganj (Bihar) News

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखलाकुर्रहमान।

किशनगंज के ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखलाकुर्रहमान पर लगे आरोपों का विवाद समाप्त हो गया है।

.

पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त ने महीनों चली जांच के बाद उन्हें सभी आरोपों से आरोपमुक्त कर दिया है। जांच में महिला स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार पाए गए।

स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंचा था मामला

महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने डॉ. अखलाकुर्रहमान पर मानसिक प्रताड़ना, अनुचित व्यवहार और वेतन से अवैध कटौती जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन हुए थे और यह मामला स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंचा था।

डॉ. अखलाकुर्रहमान।

डॉ. अखलाकुर्रहमान।

जिला प्रशासन ने दिए थे जांच के आदेश

जिला प्रशासन ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रमंडलीय स्तर पर विस्तृत जांच के आदेश दिए थे। जांच प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ताओं, अस्पताल कर्मियों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए गए। आरोपों की सत्यता स्थापित करने के लिए उपलब्ध अभिलेखों की भी गहन पड़ताल की गई।

पूर्णिया प्रमंडल के उप निदेशक, कल्याण द्वारा प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर यह जांच की गई। इसका प्रतिवेदन पत्रांक-218, दिनांक 12 मई 2026 को प्रस्तुत किया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि डॉ. अखलाकुर्रहमान के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रमाणित नहीं हुए और वे मनगढ़ंत तथा आधारहीन पाए गए।

जांच रिपोर्ट में ठाकुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए डॉ. अखलाकुर्रहमान का पुनः योगदान कराने की अनुशंसा भी की गई थी।

प्रतिवेदन का परीक्षण करने के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने आधिकारिक आदेश जारी कर डॉ. अखलाकुर्रहमान को सभी आरोपों से आरोपमुक्त घोषित कर दिया।

सीएचसी का प्रभार देने का निर्देश जारी

आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के प्रावधानों के अनुरूप, डॉ. अखलाकुर्रहमान को वरिष्ठतम चिकित्सा पदाधिकारी होने के नाते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रभार नियमानुसार देने का निर्देश जारी किया है।

इस प्रकरण का प्रशासनिक पटाक्षेप प्रमंडलीय आयुक्त के आदेश के साथ हो गया है। आदेश की प्रतिलिपि डॉ. अखलाकुर्रहमान और जिला पदाधिकारी, किशनगंज को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।