CINTAA ऑफिस में जमकर हुआ हंगामा, पूनम ढिल्लों-पद्मिनी कोल्हापुरे समेत कई एक्टर्स आमने-सामने

Time Published: Saturday, September 12, 2026, 17:31 [IST]

CINTAA Controversy: मुंबई में सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी CINTAA के ऑफिस में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एसोसिएशन से जुड़े कई कलाकार आपस में भिड़ते नजर आए। मामला कुछ कागजात और फाइलों को लेकर शुरू हुआ था लेकिन देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस दौरान पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, उपासना सिंह और कुनिका सदानंद समेत कई कलाकार मौजूद थे।

कागजात को लेकर शुरू हुआ पूरा विवाद
घटना से जुड़े कई वीडियोज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कलाकार एक-दूसरे पर सवाल उठाते और पुलिस से बहस करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस विवाद की शुरुआत CINTAA के कुछ आधिकारिक कागजात और फाइलों को लेकर हुई। हाल ही में कुनिका सदानंद ने आरोप लगाया था कि एसोसिएशन से जुड़े कुछ पेपर्स और फाइलें पूनम ढिल्लों की कार में रखकर ऑफिस से बाहर ले जाई गई थीं।

CINTAA Controversy

वीडियो में लोगों ने पद्मिनी कोल्हापुरे से किए सवाल

-इसके बाद सामने आए एक वीडियो में कुछ सदस्य पद्मिनी कोल्हापुरे से इसी मामले को लेकर सवाल करते दिखाई दिए। जब उनसे कथित तौर पर पेपर्स ले जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने समिति को भंग किए जाने से जुड़ा एक पत्र दिखाने की बात कही।

-मामला बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंची और कलाकारों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस ने साफ तौर पर कहा कि वह इस विवाद में तीसरा पक्ष है और उसके लिए सभी लोग बराबर हैं। इसी दौरान पद्मिनी कोल्हापुरे ने कथित तौर पर अपना डेटा चोरी किए जाने का आरोप भी लगाया।

पूनम ढिल्लों ने बताई MOU विवाद की पूरी कहानी

-इस पूरे मामले पर पूनम ढिल्लों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस विवाद के चलते उन्हें पहली बार कोर्ट और पुलिस स्टेशन जाने का अनुभव हुआ और अब वह इन चीजों से परिचित हो गई हैं।

-पूनम ढिल्लों ने CINTAA और सिने आर्टिस्ट्स वेलफेयर ट्रस्ट यानी CAWT के बीच प्रस्तावित MOU का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर AGM में चर्चा हुई थी। उनके मुताबिक CINTAA ने CAWT की मदद की थी और कलाकारों की ओर से पहले भी फंड जुटाने की कोशिशें की गई थीं।

-पूनम ढिल्लों ने बताया कि मिथुन चक्रवर्ती ने कुछ शो करके फंड जुटाने में मदद की थी जबकि जॉनी लीवर ने भी साल 2010 में कार्यक्रम और शो किए थे। उनका कहना था कि इसके बाद CAWT की ओर से फंड जुटाने की गतिविधियां नहीं हुईं और इसी वजह से CINTAA ने उनकी मदद करने के बारे में सोचा।

-उन्होंने ये भी कहा कि पिछले दो से ढाई साल में MOU तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान उन्हें कई मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी परेशानियों के बारे में पता चला। उनके मुताबिक ऐसी स्थिति में ट्रस्ट की ओर से आर्थिक संसाधनों की कमी का हवाला दिया जाता था।

पूनम ढिल्लों की कार की तलाशी को लेकर भी हुई बहस

विवाद से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूनम ढिल्लों अपनी कार की तलाशी लिए जाने को लेकर सवाल करती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि इस वीडियो को कुनिका सदानंद ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस होती नजर आती है। मामला बढ़ने के बाद पुलिस को बीच में आना पड़ा। पुलिस अधिकारी ने कलाकारों को फटकार लगाते हुए कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की बात सुनने के बजाय अपने-अपने आरोपों पर अड़े हुए हैं।

पुलिस ने कलाकारों को लगाई फटकार

-वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी कलाकारों को ये कहते सुनाई देते हैं कि इस तरह से एक-दूसरे से बात करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर व्यक्ति का सम्मान करती है लेकिन किसी भी स्थिति में इसकी एक सीमा होती है।

-अधिकारी ने कलाकारों को ये भी समझाने की कोशिश की कि सार्वजनिक रूप से इस तरह की बहस से उनकी अपनी छवि प्रभावित हो सकती है क्योंकि लोग उन्हें देख रहे हैं। पुलिस ने सभी पक्षों से शांत रहने और मामले को उचित प्रक्रिया के तहत सुलझाने की बात कही।

उपासना सिंह ने पेपर्स वापस मंगाने की बात कही

-एक अन्य वीडियो में उपासना सिंह पुलिस से उन कागजात को वापस मंगाने की बात करती नजर आती हैं, जिन्हें कथित तौर पर पहले ही भेजा जा चुका था। इस पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज वापस मंगाना उसका काम नहीं है।

-पुलिस के मुताबिक अगर किसी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ या किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो संबंधित लेबर कमीशन इस मामले में दस्तावेज पेश करने के लिए कह सकता है। इस दौरान CINTAA के सदस्य पुलिस अधिकारियों के सामने भी एक-दूसरे से बहस करते रहे।

कुनिका सदानंद ने चुनाव को लेकर भी उठाया मुद्दा

विवाद के दौरान कुनिका सदानंद लगातार चुनाव का मुद्दा उठाती दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि चुनाव घोषित होने के बाद उन्हें ऑफिस में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इस मुद्दे को लेकर भी वहां मौजूद सदस्यों के बीच काफी बहस हुई।

CINTAA में पहले से चल रहा है अंदरूनी विवाद

आपको बता दें कि CINTAA में पिछले कुछ समय से अंदरूनी मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। अगस्त 2026 में 21 सदस्यों वाली निर्वाचित कमेटी के 8 सदस्यों समेत कुल 11 लोगों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संयुक्त पत्र जारी कर एसोसिएशन के कामकाज पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कई अहम फैसले सामूहिक चर्चा के बिना लिए जा रहे हैं और सदस्यों से उचित तरीके से सलाह नहीं ली जा रही।

कमेटी भंग होने को लेकर भी आमने-सामने हैं कलाकार

-इस्तीफों के बाद CINTAA की कमेटी की स्थिति को लेकर भी विवाद सामने आया। उपासना सिंह ने दावा किया था कि निर्वाचित कमेटी के 50 फीसदी सदस्यों के इस्तीफा देने के बाद कमेटी भंग हो चुकी है।

-हालांकि पूनम ढिल्लों ने इस दावे पर आपत्ति जताई थी। इसी मुद्दे ने दोनों पक्षों के बीच मतभेद को और बढ़ा दिया। अब कागजात और फाइलों को लेकर हुआ ताजा विवाद उसी अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर सामने ले आया है।