CJP प्रदर्शनकारियों पर कसेगी नकेल? आनन-फानन में सरकार क्यों करा रही CRPF जवानों को एयरलिफ्ट
Jul 24, 2026 09:41 pm ISTपीटीआई, नई दिल्ली
दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के मद्देनजर राजधानी की सीमा से सटे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

राजधानी दिल्ली में बढ़ाई जा रही सुरक्षा
केंद्र सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अगुवाई में राजधानी दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 10 और कंपनियों को हवाई मार्ग से दिल्ली भेजने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में हजारों छात्र और कार्यकर्ता पिछले एक महीने से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार (20 जुलाई) को छात्रों का प्रदर्शन संसद मार्च के दौरान उग्र और हिंसक हो गया था।
इन प्रदर्शनों और हिंसा की आशंका को देखते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा में तैनात अपने कर्मियों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक में स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में तैनात होने वाली सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) इकाइयों को तय समय से पहले यहां पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिन में दिल्ली में सीएपीएफ की करीब 150 कंपनियां तैनात की जाएंगी। एक कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं।
अभी CRPF की 100 कंपनियां दिल्ली में तैनात
अधिकारियों के अनुसार, अभी भी सीएपीएफ की करीब 100 कंपनियां दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद कर रही हैं। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ से सीआरपीएफ की कुल 10 कंपनियों को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया। इससे पहले सप्ताह में केंद्र ने पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 कंपनियों को भी हवाई मार्ग से दिल्ली बुलाया था। इनकी तैनाती CJP की अगुवाई में जारी छात्रों के प्रदर्शनों के मद्देनजर की गई थी।
20 जुलाई के बाद तैनाती में इजाफा
सोमवार के आंदोलन के बाद गृह मंत्रालय ने मंगलवार रात इन कंपनियों को राष्ट्रीय राजधानी में तत्काल तैनात करने का आदेश दिया था। इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की इन सभी कंपनियों को पश्चिम बंगाल से विमानों के जरिये दिल्ली लाया गया था। बता दें कि नीट पेपर लीक मामले में अबिजीत दीपके की अगुवाई वाली पार्टी कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले देशभर के युवा आंदोलन करने के लिए दिल्ली में डटे हुए हैं। वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े हुए हैं, जबकि सरकार इस मोर्चे पर पीछे हटती नहीं दिख रही है।
दिल्ली मेट्रो के करीब 15 से 17 स्टेशन बंद
ऐसे में राजधानी दिल्ली में टकराव का आशंका बढ़ती जा रही है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि सरकार इन सुरक्षाकर्मियों की मदद से छात्रों के आंदोलन पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है। बहरहाल संसद भवन के करीब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और दिल्ली मेट्रो के करीब 15 से 17 स्टेशनों को बंद कर दिया गया है।
