नवा रायपुर में गोल्फ का महासंग्राम शुरू : कपिल देव और CM साय ने बढ़ाया उत्साह; 132 गोल्फरों में कई विदेशी खिलाड़ी भी शामिल - Haribhoomi
नवा रायपुर ओपन 2026 का आगाज कपिल देव और CM विष्णुदेव साय की मौजूदगी में हुआ। 132 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, विदेशी खिलाड़ियों से खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
गोल्फ खेलते हुए CM विष्णुदेव साय
- Published: 15 Sep 2026, 05:14 PM IST
- Last Updated: 15 Sep 2026, 06:43 PM IST
रायपुर। नवा रायपुर में मंगलवार से गोल्फ के बड़े मुकाबले का आगाज हो गया। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ छत्तीसगढ़ में गोल्फ और खेल पर्यटन को नई ऊंचाई देने की पहल शुरू हुई। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया।
कपिल देव बोले- छत्तीसगढ़ बने गोल्फ का डेस्टिनेशन
क्रिकेट लीजेंड कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अलग-अलग खेलों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल के आयोजन की घोषणा भी जल्द होगी। कपिल देव ने कहा कि वह चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ देश में गोल्फ के प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बनाए। उनके मुताबिक इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को मंच मिलने के साथ प्रदेश की खेल संस्कृति भी मजबूत होगी।
CM साय बोले- छत्तीसगढ़ में गोल्फ ने बनाई नई पहचान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कपिल देव का स्वागत करते हुए कहा कि देश के दिग्गज खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश के लिए खास बात है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल देश-विदेश के सभी गोल्फ खिलाड़ियों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न खेलों के लिए लगातार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने राज्य के बड़े क्रिकेट स्टेडियम का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब छत्तीसगढ़ के लोग गोल्फ को टीवी पर ही देखा करते थे, लेकिन अब यह खेल प्रदेश में अपनी जगह बना रहा है। पीजीटीआई और देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ियों का नवा रायपुर पहुंचना इस बदलाव का संकेत है।
#WATCH | Raipur, Chhattisgarh: On the inauguration of the Nava Raipur Open 2026 golf tournament, Kapil Dev, President of the DP World Professional Golf Tour of India, says, "It was very good. I have returned to Raipur."
On the Indian women's cricket team's refusal to accept the… pic.twitter.com/ZhQc9NmAoL
— ANI (@ANI) September 15, 2026
‘उत्कर्ष मिशन’ से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए ‘उत्कर्ष मिशन’ पर काम कर रही है। उनका कहना है कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र की खेल प्रतिभा को आगे लाना है। उन्होंने बस्तर और सरगुजा में आयोजित ओलंपिक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
132 गोल्फर ले रहे हिस्सा, विदेशी खिलाड़ियों की भी मौजूदगी
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों के साथ विदेशी गोल्फर भी हिस्सा ले रहे हैं। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 132 गोल्फर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से पीजीटीआई को छत्तीसगढ़ में जिस तरह का समर्थन और स्वागत मिला है, वह उत्साह बढ़ाने वाला है। मार्च में छत्तीसगढ़ ओपन के आयोजन के बाद अब सितंबर में नवा रायपुर ओपन कराया जा रहा है।
ऐसे आयोजनों से दुनिया छत्तीसगढ़ को जानती है
अमनदीप जौहल ने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रदेश की पहचान देश के बाहर भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी छत्तीसगढ़ आते हैं तो दुनिया का ध्यान प्रदेश की ओर जाता है। उन्होंने गोल्फ को पर्यटन से जोड़ते हुए कहा कि इस तरह के बड़े खेल आयोजन पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकते हैं। नवा रायपुर की सुविधाओं और अधोसंरचना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी इससे मिलेगा।
खेल के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य केवल गोल्फ प्रतियोगिता आयोजित करना ही नहीं, बल्कि प्रदेश में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना भी है। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी से नवा रायपुर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने और छत्तीसगढ़ को खेल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)