कवर्धा में पुलिस अभ्यर्थियों का हंगामा : गृह मंत्री से बहस के बाद घेरा कार्यालय, CM से सीधे बातचीत की मांग - Haribhoomi
कवर्धा में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट और 1600 रिक्त पदों की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर CM से मिलने की मांग की।
गृहमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते पुलिस अभ्यर्थी
- Published: 24 Aug 2026, 10:57 AM IST
- Last Updated: 24 Aug 2026, 11:09 AM IST
कवर्धा। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। तीन दिनों से जारी प्रदर्शन के बीच अभ्यर्थियों और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के बीच बातचीत के दौरान बहस हो गई। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को उनकी मांगों को लेकर आश्वस्त किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
गृह मंत्री से बातचीत के बाद भी नहीं माने अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों से मिलने के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी मांगें उनके सामने रखीं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
#कवर्धा में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट और 1600 रिक्त पदों की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर CM से मिलने की मांग की।@KabirdhamDist #CGPoliceBharti #AspirantsProtest pic.twitter.com/gtzObcKKeN
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 24, 2026
रात में गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव
बातचीत के बाद रात में बड़ी संख्या में पुलिस अभ्यर्थियों ने गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारी कार्यालय के गेट के सामने बैठ गए और कुछ अभ्यर्थी सड़क पर लेटकर भी नारेबाजी करते नजर आए। बाजे-गाजे के साथ अभ्यर्थियों का प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा।
मुख्यमंत्री से सीधे चर्चा की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद कवर्धा पहुंचें और उनसे सीधे बातचीत करें। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
#कवर्धा में पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट और 1600 रिक्त पदों की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव कर CM से मिलने की मांग की।@KabirdhamDist#CGPoliceBharti #AspirantsProtest pic.twitter.com/wUS2kpC8ci
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 24, 2026
कार्यालय के अंदर फंसा गृह मंत्री का वाहन
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब गृह मंत्री का वाहन और कई कार्यकर्ता कार्यालय के अंदर ही फंस गए। बाद में विजय शर्मा को दूसरे वाहन से कार्यालय से निकलकर अपने घर जाना पड़ा। पुलिस अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर अभी भी गृह मंत्री के कार्यालय के गेट पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुलिस भर्ती की सेकंड लिस्ट जल्द जारी की जाए और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाए।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)