पश्चिम बंगाल दौरे पर शिवराज सिंह चौहान, CM के साथ करेंगे अहम बैठक; जूट किसानों से भी करेंगे संवाद
13 जुलाई 2026, नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल दौरे पर शिवराज सिंह चौहान, CM के साथ करेंगे अहम बैठक; जूट किसानों से भी करेंगे संवाद – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 और 14 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। दो दिवसीय इस प्रवास के दौरान वह राज्य नेतृत्व के साथ कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसके अलावा जूट उत्पादक किसानों और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी जानेंगे।
कृषि और ग्रामीण विकास योजनाओं पर होगी अहम बैठक
कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री 13 जुलाई की शाम नई दिल्ली से कोलकाता पहुंचेंगे। इसके बाद राज्य नेतृत्व के साथ बैठक में कृषि, किसानों के कल्याण, ग्रामीण सड़क, आवास और रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के बीच विभिन्न योजनाओं की प्रगति और भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सचिवालय में होगी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
दौरे के दूसरे दिन 14 जुलाई को कोलकाता स्थित नए सचिवालय भवन में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। इसमें राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अधिकारी भी शामिल होंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना, ग्रामीण सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, पंचायतों को मिलने वाले फंड तथा अन्य कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
जूट किसानों और महिला समूहों से करेंगे सीधा संवाद
दोपहर बाद केंद्रीय मंत्री बैरकपुर स्थित आईसीएआर–सीआरआईजैफ (केंद्रीय पटसन एवं समवर्गीय रेशा अनुसंधान संस्थान) पहुंचेंगे। यहां वह जूट उत्पादक किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान किसान जूट की खेती में आने वाली चुनौतियों, जैसे रेटिंग, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता, रोग एवं कीट प्रबंधन, उत्पादन लागत और बाजार मूल्य से जुड़े मुद्दे साझा करेंगे।
वैज्ञानिक बताएंगे आधुनिक तकनीक
कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक किसानों को जूट की उन्नत किस्मों, आधुनिक रेटिंग तकनीक, जल संरक्षण, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) और विपणन (मार्केटिंग) की नई तकनीकों की जानकारी देंगे। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जूट आधारित उत्पाद तैयार करने और वैल्यू एडिशन के माध्यम से छोटे उद्यम स्थापित करने के तरीके भी बताए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
कृषि और ग्रामीण विकास पर रहेगा फोकस
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर किसानों और महिला समूहों से सीधे संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान किसानों की समस्याओं, सरकारी योजनाओं की प्रगति और जूट क्षेत्र के विकास को लेकर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global A